
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री की कथित अश्लील सीडी कांड की जांच कर रही सीबीआई को सीडी बनाने में एक बड़े भाजपा नेता समेत नौ लोगों भूमिका के प्रमाण मिले हैं। सीबीआई अब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल व पत्रकार विनोद वर्मा के साथ इन नौ नामों को भी एफआइआर में शामिल करेगी।
सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार व शनिवार को सीबीआई की एक टीम ने मुंबई के एक स्टूडियो में छापा मारा और संचालकों से पूरे दिन पूछताछ की। सीबीआई के सूत्रों की मानें तो इसी स्टूडियो में पोर्न वीडियो की तीन क्लिपिंग में पोर्न कलाकार का चेहरा बदलकर मंत्री का चेहरा टेंपर किया गया।
टेंपरिंग के एवज में संचालकों ने 20 लाख रुपए भी लिए हैं। सीबीआर्ई की पूछताछ में इसकी पुष्टि हो गई है। बताया जा रहा है कि संचालकों ने बयान दिया है कि भाजपा नेता कैलाश मुरारका और एक निजी चैनल के मालिक की भूमिका है।
सीडी कांड में नौ लोगों पर टेपरिंग का आरोप है। इसमें से चार मुख्य लोगों का सीबीआई कई स्तर पर बयान ले चुकी है। सीबीआई ने मुंबई में उस होटल का सीसीटीवी फुटेज भी चेक किया है जहां संदिग्ध लोग रुके थे।
होटल मैनेजर ने अपने बयान में इसकी पुष्टि भी की है। सूत्रों के अनुसार प्राथमिकी में अब भाजपा नेता कैलाश मुरारका, एक निजी चैनल के मालिक के अलावा लवली खनूजा, प्रापर्टी डीलर विजय पंड्या, भिलाई के कारोबारी विजय भाटिया का शामिल शामिल कर सीबीआई सीधे चालान पेश करेगी।