रायपुर। चुनावी साल में छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। ताजा बदलाव में मंत्रालय की व्यवस्था को मजबूत करने के साथ नए जिलों में कलेक्टरों को बदला गया है। उच्च प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो जल्द ही एक सूची और जारी की जाएगी, जिसमें बड़े जिलों के कलेक्टरों के प्रभार में बदलाव किया जाएगा।
आइएएस शम्मी आबिदी के कार्यभार को बढ़ाते हुए आयुक्त आदिम जाति विभाग के साथ सचिव कौशल विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फकीर अय्याज तंबोली को वर्तमान प्रभार के साथ नगरीय प्रशासन विभाग का संचालक बनाया गया है। अभी तंबोली विशेष सचिव कृषि विभाग के साथ-साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी के नोडल अधिकारी हैं। दिव्या उमेश मिश्रा को संचालक महिला एवं बाल विकास के साथ मिशन संचालक राज्य आजीविका मिशन और सीईओ राज्य कौशल विकास अभिकरण की जिम्मेदारी दी गई है।
रमेश शर्मा को संचालक समाज कल्याण के साथ रजिष्ट्रार फर्म एवं सोसायटी बनाया गया है। अब्दुल कैसर हक को सचिव राज्य निर्वाचन आयोग के साथ आयुक्त चिकित्सा शिक्षा का प्रभार सौंपा गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के अध्यक्ष ठाकुर राम सिंह का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है। वहां जल्द ही सरकर किसी रिटायर्ड आइएएस की नियुक्ति की घोषणा करने वाली है। जनक प्रसाद प्राठक को विशेष सचिव आवास एवं पर्यावरण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वर्तमान में पाठक वन विभाग के विशेष सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
नए जिले खैरागढ़ के कलेक्टर जगदीश सोनकर को मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है। वहीं, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी कलेक्टर पीएस ध्रुव को सामान्य प्रशासन विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इफ्तआरा को सूरजपुर कलेक्टर से हटाकर नागरिक आपूर्ति निगम की ओएसडी और मिशन संचालक स्वच्छ भारत मिशन की जिम्मेदारी दी गई है। जयश्री जैन को लोक निर्माण विभाग और विमानन विभाग का उपसचिव बनाया गया है। नम्रता गांधी को संचालक आयुष के साथ संचालक पेंशन की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
नगर निगम कमिश्नर और जिला पंचायत सीईओ बदले
राज्य सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा के आठ अधिकारियों का तबादला भी किया है। इसमें नगर निगम कमिश्नर के साथ जिला पंचायत सीईओ भी हैं। अजय अग्रवाल को जिला पंचायत सीईओ बिलासपुर, नूतन कुमार कंवर को सीईओ सरगुजा, आशुतोष चर्तुवेदी को सीईओ कोरिया, लवीना पांडेय को नगर निगम आयुक्त चिरमिरी, अभिषेक गुप्ता को आयुक्त राजनांदगांव, कलिंदर साय पैकरा को आयुक्त जगदलपुर, दिनेश कुमार नाग को संयुक्त कलेक्टर कोंडागांव और विजयेंद्र सिंह को डिप्टी कलेक्टर मनेंद्रगढ़ पदस्थ किया गया है।