
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के बूढ़ापारा स्थित सोने के जेवर बनाने वाले कारखाने से दो कारीगर भाइयों द्वारा 370 ग्राम सोना लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। दोनों करीब आठ वर्षों से कारखाने में काम कर रहे थे। कारखाना संचालक ने आरोप लगाया है कि दोनों को जेवर बनाने के लिए 24 कैरेट सोना दिया था, लेकिन वे जेवर बनाने के बजाय सोना लेकर चले गए। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के निवासी दिनेश पांजा बूढ़ापारा में किराए के मकान में पांजा ज्वेलर्स नाम से सोने के जेवर बनाने का कारखाना चलाते हैं। यहां करीब 15 कारीगर काम करते हैं। इनमें प्रशांत बार और उसका छोटा भाई विकास बार भी शामिल थे। दोनों कारखाना शुरू होने के समय से ही उनके यहां काम कर रहे थे।
शिकायत के अनुसार, गोलछा ब्रदर्स ने 22 कैरेट के जेवर बनाने के लिए 24 कैरेट सोना दिया था। 23 अप्रैल 2026 को प्रशांत को 260.694 ग्राम और 24 अप्रैल को विकास को 109.306 ग्राम सोना दिया गया था। प्रशांत ने पत्नी की तबीयत खराब होने का हवाला देकर घर जाने की बात कही और सोना छोटे भाई के पास छोड़ने की बात कहकर कारखाना छोड़ दिया। अगले दिन विकास भी बिना बताए सोना लेकर चला गया।
संचालक ने दोनों से कई बार सोना लौटाने के लिए संपर्क किया, लेकिन वे टालमटोल करते रहे। बाद में स्टाफ के साथ प्रशांत के घर पहुंचने पर दोनों भाई मिले। उन्होंने कुछ सोना बेच देने और बाकी की व्यवस्था कर लौटाने की बात कही। संचालक ने आरोप लगाया है कि दोनों ने सोना वापस नहीं किया और उसे आर्थिक नुकसान पहुंचाया। इस पर कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है।