
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। प्रदेश के पारंपरिक सुगंधित चावल अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाने की तैयारी में हैं। जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसी विशिष्ट किस्मों को यूरोपीय बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी है।
इन किस्मों को वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित करने के लिए राज्य सरकार ने पहल की है। इसके तहत कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने बार्सिलोना में अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़ी संस्था फिरा बार्सिलोना के सीईओ रिकार्ड जेप्टरो के साथ व्यावसायिक चर्चा की।
भारत के काउंसिल जनरल आर्स निसार की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता, निर्यात की संभावनाओं और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने पर चर्चा हुई। फिरा बार्सिलोना के सीईओ ने राज्य सरकार के साथ समन्वय कर छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में प्रदर्शित और प्रचारित करने में सहयोग का भरोसा दिया। इससे प्रदेश के किसान उत्पादक संगठनों (FPO), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से सीधे जुड़ने के अवसर मिल सकते हैं।
प्रदेश के जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को जीआइ टैग प्राप्त है। इनकी विशिष्ट खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है। साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रदेश की निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 में वर्ष 2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में बार्सिलोना की यह पहल प्रदेश के कृषि उत्पादों को विदेशी बाजार में जगह दिलाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय बढ़ाने का नया रास्ता खोल सकती है।