
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। शराब दुकानों में कर्मचारियों की तैनाती के नाम पर पांच मैनपावर एजेंसियों को 182.98 करोड़ रुपये के भुगतान और कर्मचारियों को लाभ नहीं मिलने के आरोपों पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच का दायरा बढ़ गया है। ED अब कमीशन के कथित बंटवारे, रकम के असली लाभार्थियों और हवाला व निवेश नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही है। जांच में मुंबई से आंगड़िया के जरिए हैदराबाद 60 से 70 करोड़ रुपये भेजने और बेंगलुरु में निवेश के आरोप भी सामने आए हैं।
शुक्रवार को ED ने रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी में जेल एवं होमगार्ड विभाग के वित्त सहायक राजेंद्र सिंह, धमतरी की अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह और होटल कारोबारी रोहन कुकरेनिया से जुड़े ठिकानों पर छापे मारे। छापे में नकदी नहीं मिली, लेकिन मोबाइल, लैपटॉप, हार्ड डिस्क, एंड्रॉयड और आईफोन जब्त किए गए।
इनकी फोरेंसिक जांच से डिजिटल लेन-देन और रकम के कथित बंटवारे का पता लगाया जा रहा है। इंदिरा सिंह के रुद्री स्थित सरकारी बंगले में 14 घंटे और राजेंद्र सिंह के रायपुर स्थित घर में करीब तीन घंटे तलाशी चली। कुकरेनिया के बंगले और होटल की भी जांच हुई।
ED ने एसईओआई-एसीबी की जांच के आधार पर नई ECIR दर्ज की है। आरोप है कि 2019 से 2023 के बीच सुमित फैसिलिटीज, प्राइमवन वर्कफोर्स, ए-टू-जेड इन्फ्रासर्विसेज, अलर्ट कमांडोज और ईगल हंटर सॉल्यूशन को ओवरटाइम, बोनस, चार अतिरिक्त कार्य दिवस और सेवा शुल्क के नाम पर भुगतान हुआ, पर कर्मचारियों को लाभ नहीं मिला।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, तत्कालीन सीएसएमसीएल MD अरुणपति त्रिपाठी पर टेंडर शर्तों में हेरफेर कर एजेंसियों को लाभ पहुंचाने और 28 से 32 करोड़ रुपये अनवर ढेबर तक पहुंचाने का आरोप है। सिद्धार्थ सिंघानिया पर हर महीने 70 से 80 लाख रुपये वसूली का आरोप है। बीआर लोहिया से जुड़ी कंपनियों को 48.08 करोड़ रुपये अतिरिक्त भुगतान की बात भी जांच में सामने आई है। त्रिपाठी जमानत पर हैं। लोहिया के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी है।