_m.webp)
दीपक शुक्ला, रायपुर। फाफाडीह से रांवाभाठा घर जाने के लिए मिनी बस में सवार युवती ने ड्राइवर की गलत नीयत भांपकर खुद को बड़ी अनहोनी से बचा लिया। बस में अकेली युवती को अंदाजा था कि अगर वह विरोध करती है तो उसके साथ कुछ भी हो सकता है। लेकिन उसकी सूझबूझ के कारण वह चालक के चंगुल से बच गई और बाद में थाने में शिकायत दर्ज कराई। खमतराई पुलिस ने आरोपी चालक दिलहरण पाल को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल दिलहरण पाल ने भनपुरी शराब भट्ठी के पास बस रोककर नाश्ता लाने का बहाना बनाया। वापस लौटने के बाद उसने बस के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर दीं। युवती को भजिया और पानी देने के बाद दोस्ती का प्रस्ताव रखा। युवती के मना करने पर उसके साथ जबरदस्ती की। बस में अकेली होने के कारण युवती ने समझदारी से काम लिया और ड्राइवर से बाद में मिलने की बात कहकर बस से उतर गई। इसके बाद वह घर पहुंची और परिजनों के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई।
रांवाभाठा निवासी 23 साल की युवती देवेंद्र नगर की प्रिंटिंग कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर है। 26 नवंबर की शाम वह फाफाडीह से मिनी बस से घर लौट रही थी। करीब 7:45 बजे चालक ने भनपुरी शराब भट्ठी के पास बस रोककर नाश्ता लाने की बात कही। लौटने के बाद उसने बस बंद कर युवती को भजिया और पानी दिया। फिर पत्नी के साथ घूमने नहीं जाने की बात कहकर उससे दोस्ती करने को कहा और यात्रियों के सामने उसे भैया कहने की सलाह दी।
युवती ने मना किया तो चालक ने उसे पिछली सीट पर बुलाया। विरोध के बावजूद उसने युवती से छेड़छाड़ की। घबराई युवती ने सुरक्षित निकलने के लिए अगले दिन मिलने की बात कही। घर पहुंचकर परिजनों को घटना बताई और थाने में शिकायत की।