यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
CG News: छत्तीसगढ़ में साढ़े चार साल में 1.37 लाख लगे सोलर पंप, सौर सुजला योजना से खेतों में छाई हरियाली
राज्य सरकार के कृषि विभाग व क्रेडा की ओर से रियायती दरों पर किसानों को सोलर सिंचाई पंप दिए जाते हैं। ऐसे अनेक गांव और खेत खलिहान में सोलर पंप लगाने मे...और पढ़ें
By Pramod SahuEdited By: Pramod Sahu
Publish Date: Fri, 11 Aug 2023 06:45:12 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Aug 2023 06:45:12 PM (IST)

रायपुर (राज्य ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ में पिछले साढ़े चार साल में लगाए गए 1.37 लाख सोलर पंप से दुर्गम इलाके के किसानों के खेतों में हरियाली छा गई है। यह संभव हो पाया है सौर सुजला योजना के सफल क्रियान्वन से। प्रदेश में दुर्गम क्षेत्रों तक भी किसानों के खेतों में फसल लहलहा रही है।
ऐसे क्षेत्रों जहां बारिश कम हो या जहां दूसरी फसल लेना हो वहां बारिश के मौसम के बाद भी पानी की पर्याप्त व्यवस्था सौर सुजला योजना ने कर दी है। छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) ने विगत साढ़े चार वर्षों में शासन की महत्वाकांक्षी योजना सौर सुजला योजना अंतर्गत अधिक से अधिक सोलर पंपों की स्थापना कर प्रदेश के किसानों को सिंचाई सुविधा मुहैया कराई है जो कि देश के विभिन्न राज्यों में स्थापित सोलर पंपों की तुलना में सर्वाधिक है।
पंप लगने से बढ़ी आमदनी
कोरिया के़ बैकुंठपुर विकासखंड के ग्राम कुड़ेली के किसान सुखराम प्रजापति बताते हैं कि उनके पास लगभग पांच एकड़ कृषि योग्य भूमि है। पहले वे सीजन में गेहूं की फसल लगाते थे लेकिन वर्षाजल के माध्यम से पर्याप्त सिंचाई नहीं हो पाती थी। उनके खेत में तीन एचपी का सोलर पंप लगा है, इससे उनकी आमदनी 60 हजार रुपये से अधिक हो गई है।
खेती से होने लगी है अच्छी आमदनी
कांकेर के भानुप्रतापपुर के ग्राम कुंआपानी निवासी मालती बाई धनेलिया बताती हैं कि सिंचाई का साधन नहीं होने के कारण पहले वह मानसून पर निर्भर रहती थीं। अब खेत में तीन हार्स पावर का सोलर पंप स्थापित किया है, सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होने से दलहन, तिलहन की खेती से अच्छी आमदनी होने लगी है।
मिल चुका है पुरस्कार
क्रेडा के सीईओ आलोक कटियार के मुताबिक छत्तीसगढ़ ने सोलर सिंचाई पंप स्थापना में विशिष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट परफारमेंस स्टेट नोडल एजेंसी का अवार्ड भी प्राप्त किया है। प्रदेश के सैकड़ों किसान अपने खेतों में सोलर पंप लगाकर खेतों की प्यास बुझा रहे हैं, जिससे उपज में बढ़ोत्तरी के साथ उनकी आमदनी भी बढ़ी है।
राज्य सरकार के कृषि विभाग व क्रेडा की ओर से रियायती दरों पर किसानों को सोलर सिंचाई पंप दिए जाते हैं। ऐसे अनेक गांव और खेत खलिहान में सोलर पंप लगाने में प्राथमिकता दी जा रही है, जहां बिजली पहुंच पाना संभव नहीं हैं। सुदूर वनांचल क्षेत्रों के किसानों के लिए सौर सुजला योजना वरदान साबित हो रही है।