
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग (CG Police Promotion List) ने राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के 12 अधिकारियों को पदोन्नत करने का आदेश जारी किया है।
इन अधिकारियों को वरिष्ठ श्रेणी वेतनमान प्राप्त सेवा से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक/ उप सेनानी अथवा समतुल्य रैंक के पद पर स्थानापन्न रूप से नियुक्त किया गया है। यह आदेश मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से अटल नगर दिनांक 15-10-2026 को जारी हुआ है।
आदेश क्रमांक ESTB-102(2)/567/2026-HOME SECTION के अनुसार वर्ष 2026 की स्थिति में पदस्थापना के संबंध में विभागीय पदोन्नति/ छानबीन समिति की बैठक 17.09.2026 को संपन्न हुई थी। उक्त बैठक में समिति द्वारा की गई अनुशंसा के परिप्रेक्ष्य में छत्तीसगढ़ पुलिस कार्यपालिक (राजपत्रित) सेवा भर्ती तथा पदोन्नति नियम, 2005 के नियम 14 एवं 23 की अनुसूची-पांच में निहित प्रावधानों के तहत राज्य शासन ने यह नियुक्तियां की हैं। अधिकारियों को उप पुलिस अधीक्षक/ सहायक सेनानी या समतुल्य रैंक के पद से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक/ उप सेनानी या समतुल्य रैंक के पद पर नियुक्त किया गया है।
पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में सुरेन्द्र साय पैकरा, संजय कुमार ध्रुव, माधुरी धीरही, अखिलेश कौशिक, राजेश देवांगन, स्नेहिल साहू, घनश्याम कामड़े, दिनेश्वरी नंद, मनीष कुमार कंवर, दीपिका मिंज, अनूप कुमार लकड़ा और मंजूलता बाज शामिल हैं।
गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपरोक्त अधिकारियों के पदस्थापना आदेश पृथक से जारी किए जाएंगे। यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार उप सचिव रामप्रसाद चौहान द्वारा डिजिटली हस्ताक्षरित किया गया है।