
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य की तीनों बिजली कंपनियों में कुल 1501 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों में होने वाली इन नियुक्तियों के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया है।
ट्रांसमिशन कंपनी ने पांच नवंबर को 38 प्रकार के पदों के लिए विज्ञापन जारी किया है। इच्छुक अभ्यर्थी छह नवंबर शाम आठ बजे से 26 नवंबर रात 11.55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी 26 नवंबर निर्धारित की गई है।
भर्ती विज्ञापन में द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद शामिल हैं। कनिष्ठ अभियंता (जेई) इलेक्ट्रिकल के कुल 167 पदों पर नियुक्तियां होंगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं।
डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 95, ट्रांसमिशन कंपनी के 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450 पद निर्धारित हैं।
इसके अलावा सहायक अभियंता इलेक्ट्रिकल के 92, मैकेनिकल के 26, सिविल के 20 और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 10 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी। इस तरह अलग-अलग श्रेणियों में कुल 1501 पदों को भरा जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया के तहत तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी ही आवेदन कर सकेंगे। साझा पदों के लिए अभ्यर्थियों को तीनों बिजली कंपनियों की प्राथमिकता बतानी होगी।
उम्मीदवारों का चयन मेरिट, उनके द्वारा दी गई कंपनी की प्राथमिकता और संबंधित कंपनी में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर किया जाएगा।
भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी पावर कंपनी की वेबसाइट cspc.co.in पर उपलब्ध है। उम्मीदवार आवेदन करने से पहले विज्ञापन में दी गई पात्रता और अन्य जरूरी निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें।
गौरतलब है कि इस भर्ती को लेकर पहले सात अगस्त को लघु विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 14 सितंबर को संशोधन जारी हुआ था। अब पांच नवंबर को विस्तृत विज्ञापन जारी होने के साथ भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।