
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा 100 अधिकारियों-कर्मचारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। यह आदेश 31 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया है।
विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार तबादला सूची में 53 मुख्य नगर पालिका अधिकारी और 24 अभियंता शामिल हैं। इसके अलावा 5 लेखापालों, 4 स्वास्थ्य निरीक्षकों, 4 भृत्यों, 3 कैशियर्स, 3 सहायक ग्रेड-3 तथा एक-एक स्टेनोग्राफर, सहायक राजस्व निरीक्षक, कंप्यूटर ऑपरेटर और वाहन चालक का भी तबादला किया गया है। इस बड़े फेरबदल से नगरीय निकायों में कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है।
नगरीय प्रशासन विभाग ने 3 मुख्य नगर पालिका अधिकारियों सर्वश्री विकास पाटले, विष्णु प्रसाद यादव और जफर खान के विरुद्ध विभागीय जांच को जारी रखते हुए निलंबन से बहाल किया है। इन्हें क्रमशः दल्ली राजहरा नगर पालिका, वाड्रफनगर नगर पंचायत और बिलाईगढ़ नगर पंचायत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है।
राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार इनके विरुद्ध जांच जारी रहेगी तथा निलंबन काल का निराकरण उनके विरुद्ध प्रचलित विभागीय जांच के गुण-दोषों के आधार पर पृथक से किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ डीएमएफ घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, 31.70 करोड़ की संपत्ति कुर्क, 17 आरोपितों पर चार्जशीट दाखिल