
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार तीसरे दिन भी बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश से कई नदी-नाले उफान पर हैं और लोगों की लाइफ अस्त-व्यस्त हो गई है। रायपुर के महादेव घाट में खारुन नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है और पानी पुल के ऊपर से बह रहा है।
.jpg)
पुलिस ने बेरिकेडिंग कर महादेव घाट पुल पर लोगों की आवाजाही रोक दी है। बताया जा रहा है कि करीब 10 साल बाद महादेव घाट पुल के ऊपर पानी आया है। अमलेश्वर-पाटन रूट पर पानी भरने से रायपुर से संपर्क टूट गया है। पानी का लेवल बढ़ने के बाद पुलिस और प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।
दुर्ग के कुम्हारी थाना इलाके के ग्राम परसदा में शुक्रवार देर रात अचानक बाढ़ का पानी बस्तियों में घुस गया, जिससे कई परिवार फंस गए। खबर मिलते ही नगर सेना और SDRF दुर्ग की टीम ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों समेत 50 से 55 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पांच घंटे चले इस ऑपरेशन में किसी की जान नहीं गई।
जिला इमरजेंसी कंट्रोल रूम को 25 सितंबर की रात करीब 11:15 बजे ग्राम परसदा में बाढ़ का पानी घुसने और तेज बहाव में लोगों के फंसे होने की खबर मिली। जिला सेनानी के निर्देश पर SDRF की रेस्क्यू टीम मोटर बोट, लाइफ जैकेट, लाइफ रिंग, रेस्क्यू रस्सी और सर्च लाइट के साथ तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।
टीम ने रात करीब 12 बजे पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया। घने अंधेरे और तेज बहाव के बीच जवानों ने मोटर बोट से पानी में डूबे घरों तक पहुंचकर लोगों को बाहर निकाला। एक-एक कर सभी को सुरक्षित मेन रोड और राहत कैंप तक पहुंचाया गया। सुबह 5 बजे तक सभी को निकाल लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक इस दौरान कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई है और सभी सुरक्षित हैं।