
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी (CG Weather Update Today) से अब राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग (IMD Rain Alert) के मुताबिक, रविवार को राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज (Aaj Ka Mausam) बदल सकता है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है। कुछ इलाकों में तेज धूल भरी आंधी चलने और बिजली गिरने (वज्रपात) के साथ-साथ ओले भी गिर सकते हैं।
मौसम वैज्ञानिकों (IMD) का कहना है कि बारिश की गतिविधियां सबसे ज्यादा दक्षिण छत्तीसगढ़ (बस्तर संभाग) में देखने को मिलेंगी। हवा में नमी बढ़ने के कारण तापमान में गिरावट आएगी, जिससे चिलचिलाती धूप और गर्मी से परेशान लोगों को सुकून मिलेगा।
इस समय मौसम में बदलाव के पीछे कई कारण हैं। पाकिस्तान के ऊपर 'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय है। साथ ही बिहार से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों तक हवा में एक दबाव की रेखा बनी हुई है। छत्तीसगढ़ के ऊपर भी हवा का एक चक्रवाती घेरा बना हुआ है, जो दक्षिण भारत (तमिलनाडु) से नमी खींच रहा है। इन सभी वजहों से वातावरण में नमी बढ़ गई है और बादल छाने लगे हैं।
रविवार को मौसम बिगड़ने के बाद अगले कुछ दिनों तक तापमान कम रहेगा। मौसम विभाग ने बताया है कि 7 अप्रैल को एक और नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिम भारत में दस्तक देगा। इसका असर आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ेगा, जिससे फिलहाल भीषण गर्मी की वापसी की संभावना कम है।