
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क और आसमान साफ होने के साथ ही रात के तापमान में तेजी से गिरावट आने लगी है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में ठिठुरन काफी बढ़ गई है। शुक्रवार को बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पेंड्रारोड में 10.8 और सूरजपुर में 11.7 डिग्री तापमान रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के 18 जिलों में रात का पारा 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। इसके विपरीत, दुर्ग 29.4 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ दिन में प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।
प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के तापमान में बड़ा विरोधाभास देखने को मिल रहा है। जहां उत्तर छत्तीसगढ़ के जिले कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं, वहीं बस्तर संभाग के सुकमा में रात का न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी बलरामपुर और सुकमा के न्यूनतम तापमान में 9.9 डिग्री का अंतर बना हुआ है। मध्य छत्तीसगढ़ के मैदानी जिलों की बात करें तो धमतरी में 13, रायगढ़ में 12.6, कोरबा में 12.5 और गरियाबंद में 12.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
यह भी पढ़ें- CG Weather : सरगुजा में शीतलहर जैसी ठिठुरन और बस्तर में रातें गर्म, दोनों के तापमान में 10.4 डिग्री का अंतर
राजधानी रायपुर में दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा कम, लेकिन रात का पारा सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री (सामान्य से 0.7 डिग्री कम) और न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक) रहा। माना में रात का तापमान 14 और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। दिन के तापमान की स्थिति देखें तो दुर्ग (29.4 डिग्री) और रायपुर (29 डिग्री) के बाद जगदलपुर में 28.5, बिलासपुर में 26.8, पेंड्रारोड में 26 और अंबिकापुर में 25.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, गंगीय पश्चिम बंगाल और उसके आसपास समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हालांकि, इसका प्रदेश के मौसम पर बारिश के रूप में कोई असर नहीं पड़ेगा और आगामी दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा। राजधानी रायपुर में शनिवार 28 नवंबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है और तापमान 29 डिग्री अधिकतम व 15 डिग्री न्यूनतम के आसपास रह सकता है। प्रदेश में फिलहाल किसी भी तरह की मौसमी चेतावनी जारी नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें- CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम के दो रूप, IMD ने बताया अगले 5 दिनों के मौसम का हाल
रायपुर 29.0 - 16.2
माना 28.0 - 14.0
बिलासपुर 26.8 - 14.0
पेंड्रारोड 26.0 - 10.8
अंबिकापुर 25.6 - 8.9
जगदलपुर 28.5 - 13.6
दुर्ग 29.4 - 13.6