
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति में देरी अब राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गई है। सवाल यह है कि संवैधानिक संस्थान की कमान किसे सौंपी जाएगी और क्या नया नेतृत्व युवाओं का भरोसा बहाल कर पाएगा। नियुक्ति में देरी से परीक्षाओं, साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया पर सीधा असर पड़ रहा है।
प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए अब तक की गई कार्यवाही की रिपोर्ट 14 दिसंबर को मांगी है। ढाई महीने से परीक्षाएं और साक्षात्कार स्थगित हो रहे हैं और 2025 के पीएससी अभ्यर्थियों के इंटरव्यू अनिश्चितकाल के लिए रोक दिए गए हैं।
शुक्ला ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान युवाओं से एक लाख भर्ती और यूपीएससी पैटर्न पर पीएससी परीक्षा कराने का वादा किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि 81 दिनों से आयोग का कामकाज ठप है और सरकार एक अध्यक्ष नियुक्त नहीं कर पा रही है।
नियुक्ति जल्द होने के संकेत, फाइल राजभवन में लंबित
वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जल्द नियुक्ति के संकेत दिए हैं, लेकिन फाइल राजभवन में लंबित बताई जा रही है। पूर्व अध्यक्ष रीता शांडिल्य का कार्यकाल आठ सितंबर 2026 को समाप्त होने के बाद पद रिक्त है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में मामला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट पहुंचा। हाईकोर्ट ने राज्य शासन और आयोग से जवाब मांगा है। सरकार ने प्रक्रिया अंतिम चरण में होने और जल्द नियुक्ति का भरोसा दिया है।
विधानसभा चुनाव 2023 में पीएससी रहा राजनीतिक मुद्दा
बीते विधानसभा चुनाव 2023 में तत्कालीन भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पीएससी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोप राजनीतिक मुद्दा बने थे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और उनके स्वजन में नाराजगी ने भी चुनावी माहौल को प्रभावित किया था।
उन मुद्दों को उठाने वाली भाजपा की सरकार अब अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी को लेकर सवालों का सामना कर रही है। सत्ता में लगभग तीन वर्ष पूरे होने के करीब भाजपा के लिए यह केवल पद भरने का मामला नहीं, बल्कि पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती व्यवस्था का संदेश देने की कसौटी है।
अध्यक्ष के लिए कांवरे के नाम की चर्चा
अध्यक्ष पद के लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कांवरे का नाम चर्चा में है और प्रस्ताव राजभवन भेजे जाने की खबरें हैं। अंतिम निर्णय राजभवन की स्वीकृति के बाद ही स्पष्ट होगा। चयनित व्यक्ति की साख, प्रशासनिक दक्षता और निष्पक्षता को युवाओं के भरोसे के लिए अहम माना जा रहा है। नियुक्ति नहीं होने से भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया भी प्रभावित है।
नियुक्ति नहीं होने से ये प्रभाव
राज्य सेवा परीक्षा 2026 के करीब 150 से 155 पद हैं, जिनमें डिप्टी कलेक्टर और डीएसपी के पद शामिल हैं। इसके लिए तैयारी पूरी होने के बावजूद विज्ञापन जारी नहीं हुआ। 26 नवंबर, संविधान दिवस पर परीक्षा तिथि जारी होने की परंपरा भी इस बार टूट गई। इससे अभ्यर्थियों में जीरो ईयर की आशंका बढ़ी है।
राज्य सेवा परीक्षा 2025 की मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके 608 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार रुका है। वहीं, लगभग 5,000 सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति के प्रकरण लंबित हैं, जिससे वित्तीय और सेवागत लाभ मिलने में देरी हो रही है। भर्ती में विलंब से युवाओं की तैयारी प्रभावित हो रही है और आयु सीमा निकलने का जोखिम बढ़ा है।
हाईकोर्ट ने राज्य शासन और आयोग से जवाब तलब करते हुए 14 दिसंबर 2026 तक नियुक्ति या ठोस प्रगति रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न होने पर कानून के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अगले विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन पीएससी की विश्वसनीयता और भर्ती प्रक्रिया की गति राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बन चुकी है। लंबित प्रक्रियाओं को गति देना सरकार के लिए युवाओं का भरोसा जीतने की अहम कसौटी होगा।