
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। संविधान दिवस का उत्सव मनाया गया, लेकिन छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की ओर से इस दिन जारी होने वाला राज्य सिविल सेवा परीक्षा 2026 का विज्ञापन इस बार प्रकाशित नहीं हुआ। इससे सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं में मायूसी है।
अभ्यर्थी चर्चा कर रहे हैं कि इस वर्ष परीक्षा होगी या फिर इसे जीरो ईयर घोषित किया जाएगा। विज्ञापन जारी न होने की वजह आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होना बताया जा रहा है।
सीजीपीएससी का गठन 23 मई 2001 को हुआ था। राज्य सिविल सेवा परीक्षा का पहला विज्ञापन वर्ष 2003 में जारी किया गया। पूर्ववर्ती डा. रमन सिंह सरकार के दौरान 2012 से पहले परीक्षा अनियमित अंतराल पर होती थी। वर्ष 2003 के बाद 2005 और 2008 में परीक्षा आयोजित हुई। 2012 के बाद से यह प्रतिवर्ष नियमित रूप से आयोजित की जा रही थी। इस बार सिविल सेवा भर्ती विज्ञप्ति जारी करने की परंपरा पहली बार टूटी है।
सीजीपीएससी के गठन के बाद से अब तक राज्य सिविल सेवा परीक्षा का आयोजन 17 बार हो चुका है। लंबे समय से नियमित हो रही परीक्षा के इस बार अटकने से अभ्यर्थियों की तैयारी और भविष्य की योजना पर असर पड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार ने 2008 बैच के सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी महादेव कावरे के नाम पर सहमति जताई है। नियुक्ति की फाइल अनुमोदन के लिए राजभवन में भेजी गई है। कावरे नियुक्त हुए तो मई 2028 तक अध्यक्ष रह सकते हैं।