रायपुर। Chhattisgarh Assembly Election 2023: छत्तीसगढ़ में इस साल अंत में यानि अक्टूबर-नवंबर महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं। राजनीतिक दलों ने चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। लेकिन क्या आपको पता है कि छत्तीसगढ़ (CG Assembly Election) में 2018 में हुए विधानसभा के चुनाव में सबसे कम और सबसे अधिक उम्र वाले विधायक कौन चुने गए थे। आइए हम आपको बताते हैं कि 2018 में चुने गए विधायकों में सबसे कम उम्र किस विधायक की थी और सबसे अधिक उम्र किसकी थी।
छत्तीसगढ़ की पांचवीं विधानसभा की बात करें तो 2018 विधानसभा चुनाव में जीत कर आए एक तिहाई विधायकों की उम्र 45 वर्ष से कम है। प्रत्याशियों की आयु पर नजर डालें तो पांच विधायक ऐसे हैं, जिनकी उम्र 35 वर्ष से कम है। वहीं 36 से 45 वर्ष तक के 26 विधायक, 46 से 55 आयु वर्ग तक के 24 विधायक, 56 से 65 की आयु वर्ग के 25 विधायक इस बार विधानसभा में नजर आएं। 65 वर्ष से अधिक उम्र के विधायकों की संख्या भी 10 है। सबसे अधिक युवा विधायक कांग्रेस से चुनकर आए हैं। उसके बाद भाजपा, बसपा और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के हैं।
रायपुर संभाग से दस विधायक पहली बार पहुंचें विधानसभा
पहली बार विधायक बनने वालों में रायपुर संभाग से 10, दुर्ग से 9, बस्तर से 5, बिलासपुर से 10 और सरगुजा से 5 विधायक हैं। नए विधायकों में से 36 कांग्रेस के टिकट पर जीते हैं। भाजपा से दो और बसपा-जकांछ के एक-एक विधायक पहली बार चुना गया है।
देवेंद्र यादव छत्तीसगढ़ के सबसे कम उम्र के विधायक
अगर हम बात करें सबसे कम उम्र के विधायक की तो दुर्ग जिले की भिलाई नगर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुने गए देवेंद्र यादव छत्तीसगढ़ के सबसे कम उम्र के विधायक हैं। 2018 में भिलाई नगर में कुल 48 प्रतिशत वोट पड़े। 2018 में कांग्रेस के देवेंद्र यादव ने भारतीय जनता पार्टी के प्रेमप्रकाश पांडेय को 2849 वोटों के मार्जिन से हराया था। देवेंद्र यादव को 51,044 और आशुतोष को 48,195 वोट मिले थे।
ये हैं सबसे युवा विधायक
- छत्तीसगढ़ के पामगढ़ की सीट से बहुजन समाज पार्टी की इंदु बंजारे ने जीत दर्ज की। चुनाव आयोग में दाखिल हलफनामे के मुताबिक जो मात्र 27 साल की हैं।
- छत्तीसगढ़ के कसडोल सीट से कांग्रेस की शकुंतला साहू ने जीत दर्ज की, जो मात्र 31 साल की हैं।
- छत्तीसगढ़ के खुज्जी सीट से छन्नी साहू भी सबसे युवा विधायकों की लिस्ट में शामिल हैं। ये भी 35 वर्ष की उम्र सीमा को पार नहीं कर पाए हैं।
सबसे बुजुर्ग विधायक कौन हैं
वहीं रायपुर ग्रामीण विधानसभा सीट से जीते कांग्रेस के सत्यनारायण शर्मा छत्तीसगढ़ के सबसे उम्रदराज विधायक हैं। चुनाव आयोग में दाखिल हलफनामे के मुताबिक चुनाव के समय शर्मा की उम्र 82 साल थी। चुनाव में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार नंदे साहू को 10 हजार 633 वोटों से हराया था। शर्मा को 74 हजार 823 वोट और नंदे साहू को 64 हजार 190 वोट मिले थे। शर्मा सात बार से रायपुर ग्रामीण सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।