
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। बोर्ड परीक्षा कराने की जिम्मेदारी संभालने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों को अब पहले से ज्यादा मानदेय मिलेगा। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की परीक्षाओं के लिए केंद्राध्यक्ष से लेकर चपरासी तक की दैनिक भुगतान दरें तय कर दी हैं।
सबसे ज्यादा 200 रुपये प्रतिदिन केंद्राध्यक्ष को मिलेंगे। वहीं, सहायक केंद्राध्यक्ष को 150 रुपये और परीक्षा कक्ष में ड्यूटी करने वाले पर्यवेक्षक को 75 रुपये प्रतिदिन दिए जाएंगे। चपरासी के लिए यह दर 40 रुपये रखी गई है।
नई व्यवस्था में परीक्षा केंद्रों पर कर्मचारियों की संख्या भी परीक्षार्थियों के हिसाब से तय होगी। 500 तक परीक्षार्थियों वाले केंद्र पर एक सहायक केंद्राध्यक्ष रहेगा, जबकि इससे अधिक संख्या होने पर दो सहायक केंद्राध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे।
यह व्यवस्था हाईस्कूल, हायर सेकंडरी, शारीरिक शिक्षा पत्रोपाधि और डीएलएड की मुख्य एवं द्वितीय मुख्य परीक्षाओं में लागू होगी। मंडल की वित्त समिति की 6 अक्टूबर और कार्यकारिणी समिति की 15 अक्टूबर की बैठकों में भुगतान दरें बढ़ाने का निर्णय लिया गया था। नई दरें सत्र 2026-27 से प्रभावी होंगी।
परीक्षा केंद्रों के आकस्मिक खर्च के लिए परीक्षार्थियों की संख्या के आधार पर राशि तय की गई है। 200 तक परीक्षार्थियों वाले केंद्र को प्रति परीक्षार्थी चार रुपये और 200 से अधिक परीक्षार्थियों वाले केंद्र को तीन रुपये प्रति परीक्षार्थी मिलेंगे। जिन मदों की दरों में बदलाव नहीं किया गया है, उनमें पहले से लागू दरें ही प्रभावी रहेंगी।
सहायक केंद्राध्यक्ष: 500 तक परीक्षार्थियों वाले केंद्र पर एक और 500 से अधिक होने पर दो सहायक केंद्राध्यक्ष नियुक्त होंगे।
पर्यवेक्षक: परीक्षा कक्ष में 30 परीक्षार्थियों तक दो पर्यवेक्षक रहेंगे। इसके बाद प्रत्येक 15 अतिरिक्त परीक्षार्थियों पर एक पर्यवेक्षक बढ़ाया जाएगा।
लिपिक: 400 तक परीक्षार्थियों पर एक लिपिक रहेगा। इसके बाद प्रत्येक 400 अतिरिक्त परीक्षार्थियों पर एक और लिपिक की नियुक्ति होगी।
चपरासी: 500 तक परीक्षार्थियों वाले केंद्र पर चार चपरासी रहेंगे। इसके बाद प्रत्येक 150 अतिरिक्त परीक्षार्थियों पर एक चपरासी बढ़ाया जाएगा।
सुरक्षा प्रहरी: थाने से प्रश्नपत्र लाने और बिना जांची उत्तरपुस्तिकाएं थाने में जमा कराने के लिए 40 रुपये का भुगतान होगा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में कोचिंग सेंटरों पर कसेगा शिकंजा, सरकार लाएगी विधेयक, मनमानी करने पर 5 लाख तक जुर्माना