
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। नवा रायपुर में सिंगापुर की तर्ज पर बाॅटनिकल गार्डन बनाया जा सकता है। साथ ही शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में इको टूरिज्म विकसित करने की रणनीति बनी है। दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के प्रवास के पहले दिन रविवार को गार्डन्स बाय द बे' के जनरल मैनेजर जेसन येओ और डाॅयरेक्टर लिम चियाप सान्ग के साथ बैठक की।
इसमें छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को गार्डन्स बाय द बे की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन से जुड़ी उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों की जानकारी दी गई। दोनों पक्षों ने उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ समृद्ध वनों और जैव विविधता से परिपूर्ण है। गार्डन्स बाय द बे के अनुभवों का लाभ नवा रायपुर में बाटनिकल गार्डन के विकास के साथ-साथ प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हरित क्षेत्रों के विस्तार में लिया जा सकता है। इससे छत्तीसगढ़ में पर्यटन की संभावनाओं को नया विस्तार मिलेगा, पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के समक्ष छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं का उल्लेख करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में भी भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ को तेजी से उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रदेश की औद्योगिक नीति, ईज आफ डूइंग बिजनेस में सुधार और एमएसएमई, स्टार्टअप तथा मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री सोमवार को सिंग फोरम 2026 में भाग लेंगे और इसके बाद सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों के साथ सीईओ राउंडटेबल में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।