केंद्रीय संगठन ने दिए संकेत, बदल सकते हैं छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया
छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया बदल सकते हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सभी राज्यों के प्रभारियों की एक बैठक ली थी
By Kadir Khan
Edited By: Kadir Khan
Publish Date: Mon, 28 Mar 2022 03:59:44 PM (IST)
Updated Date: Mon, 28 Mar 2022 03:59:44 PM (IST)
pl puniaरायपुर (राज्य ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया बदल सकते हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सभी राज्यों के प्रभारियों की एक बैठक ली थी, जिसमें संकेत दिया कि सभी राज्यों में नए सिरे से प्रभारी तय किए जाएंगे। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम में निराशा हाथ लगने के बाद कांग्रेस ने संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की तैयारी शुरू की है। इसी कड़ी में प्रदेश प्रभारियों के कामकाज की समीक्षा की गई। कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो अप्रैल के आखिरी सप्ताह तक केंद्रीय संगठन फैसला ले सकता है। प्रदेश में सरकार बनने के बाद से पुनिया की सक्रियता कम ही नजर आ रही है।
राजनीतिक प्रेक्षकों की मानें तो मुख्यमंत्री पद के लिए जब ढाई-ढाई साल का विवाद तेज हुआ, उस समय भी पुनिया की भूमिका खास नजर नहीं आई। ऐसे में संगठन और सरकार के एक खेमा पुनिया से पहले से ही नाराज चल रहा है। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से भी पुनिया की जगह किसी नए व्यक्ति को प्रदेश प्रभारी बनाने की कई बार नेताओं ने मांग की है। ऐसे में जब देशभर में बदलाव हो रहा है, तो उन नेताओं की भी उम्मीद जग गई है। बताया जा रहा है कि पुनिया विरोधी नेता अगले एक-दो दिन में दिल्ली जाएंगे और केंद्रीय नेतृत्व के सामने अपनी मांग को रखेंगे।
मंत्रिमंडल बदलाव की अटकलों को सीएम ने बताया कयास
पिछले कुछ महीने से प्रदेश में मंत्रिमंडल बदलाव की अटकलें चल रही थीं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के समय कहा था कि विधानसभा सत्र के बाद बदलाव होगा। लेकिन विधानसभा सत्र बीतने के बाद जब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मंत्रिमंडल बदलाव को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इसे कयास बताया। भक्त कर्मा माता कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि लोग कयास लगाते रहते हैं। हालांकि राजनीतिक गलियारे में यह चर्चा है कि भूपेश मंत्रिमंडल के पांच मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है।