छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल का छात्र हित में बड़ा फैसला, अब साठ दिनों में डुप्लीकेट अंकसूची और माइग्रेशन
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की सेवाओं को लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लाया गया है। अब परीक्षार्थियों को डुप्लीकेट अंकसूची, माइग्रेशन प्रमाण पत्र ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 04 Oct 2026 07:21:36 PM (IST)Updated Date: Sun, 04 Oct 2026 07:23:41 PM (IST)
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल का कार्यालय। - अर्काइवHighLights
- दफ्तरों के चक्कर काटने से विद्यार्थियों को मिलेगी मुक्ति
- माशिमं को 60 दिन में देना पड़ेगा मार्कशीट-माइग्रेशन
- लोक सेवा गारंटी के दायरे में आया माध्यमिक शिक्षा मंडल
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल(माशिमं) की 10वीं- 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परीक्षार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब माशिमं को 60 दिन के भीतर परीक्षार्थियों को डुप्लीकेट माइग्रेशन प्रमाण-पत्र, डुप्लीकेट अंकसूची, उत्तरपुस्तिका की पुनर्गणना एवं पुनर्मूल्यांकन तथा उत्तरपुस्तिका की फोटोकापी देनी पड़ेगी। दरअसल, माशिमं को लोक सेवा गारंटी के दायरे में लाया गया है।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की पहल पर नियम राजपत्र में प्रकाशित कर दिए गए हैं। अब जरूरी दस्तावेजों के लिए विद्यार्थियों को माशिमं कार्यालय में चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उच्च शिक्षा में प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य शैक्षणिक कार्यों के लिए समय पर दस्तावेज उपलब्ध होना जरूरी होता है। कई बार देरी होने से दिक्कत होती है। ऐसे में विद्यार्थियों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए नियम में बदलाव किया गया है।
समय सीमा का पालन सुनिश्चित करें
शिक्षा मंत्री यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ काम किया जाए और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि किसी विद्यार्थी को केवल दस्तावेज प्राप्त करने या परीक्षा संबंधी प्रक्रिया के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
अपने ही दस्तावेजों के लिए परेशानी स्वीकार्य नहीं
विद्यार्थियों को अपने ही दस्तावेजों के लिए परेशान होना पड़े, यह स्थिति स्वीकार्य नहीं है। परीक्षा परिणाम के बाद विद्यार्थियों के लिए प्रत्येक दिन महत्वपूर्ण होता है। हमारी कोशिश है कि विद्यार्थी पढ़ाई और अपने भविष्य पर ध्यान दें, उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने में अपना समय और ऊर्जा खर्च न करनी पड़े। लोक सेवा गारंटी के माध्यम से सेवाओं को समय-सीमा से जोड़ने का उद्देश्य यही है कि विद्यार्थियों को उनके जरूरी कार्यों के लिए स्पष्ट व्यवस्था मिले और अनावश्यक विलंब की स्थिति न बने।
- गजेंद्र यादव, मंत्री,स्कूल शिक्षा
लोक सेवा गारंटी से पारदर्शिता
इस व्यवस्था से विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, जिन्हें आगे की पढ़ाई, प्रवेश अथवा अन्य शैक्षणिक कार्यों के लिए डुप्लीकेट अंकसूची, माइग्रेशन प्रमाण-पत्र अथवा उत्तरपुस्तिका से संबंधित सेवाओं की आवश्यकता होती है। लोक सेवा गारंटी के तहत समय-सीमा निर्धारित होने से इन कार्यों में जवाबदेही और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।
- पुष्पा साहू, सचिव, माशिमं