रायपुर (राज्य ब्यूरो)। केंद्र के समान महंगाई और गृहभाड़ा भत्ते की मांग को लेकर 12 दिन से हड़ताल कर रहे कर्मचारियों की मांगें सरकार ने मान ली हैं। लिहाजा, छत्तीसगढ़ शासकीय कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की कोर कमेटी ने शुक्रवार को हड़ताल स्थगित कर दी। शनिवार व रविवार के अवकाश के बाद सोमवार से कर्मचारी कार्यालय जाएंगे।
कर्मियों और सरकार के बीच सुलह करने के लिए सरकार के प्रवक्ता और कृ षि मंत्री रविंद्र चौबे ने मध्यस्थता की। चौबे के बंगले से कर्मचारी नेताओं ने मुख्यमंत्री से भी टेलीफोन पर चर्चा की। इसके बाद हड़ताल खत्म करने की घोषणा की। ज्ञात हो कि कर्मचारी केंद्र के समान 35 प्रतिशत महंगाई भत्ता मांग रहे थे जबकि सरकार उन्हें 28 प्रतिशत दे रही है।
छग तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के संरक्षक विजय झा ने बताया कि सरकार ने महंगाई भत्ते में पहले जो छह प्रतिशत वृद्धि की थी उसका एक साल का एरियर्स जीपीएफ खाते में डालने व दीवाली या राज्योत्सव के पूर्व भत्ता छह प्रतिशत और बढ़ाने पर सहमति हुई है। गृह भाड़ा भत्ता के लिए सरकार कमेटी का गठन करेगी। फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा करते हुए मंत्री रविंद्र चौबे को धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने आम जनता को हुई तकलीफ के लिए खेद प्रकट किया है।
कर्मचारियों की अधिकांश मांगों पर सहमति बनी है। सरकार कर्मचारी हित में निर्णय लेगी।
- रविंद्र चौबे, सरकार के प्रवक्ता और कृ षि मंत्री, छत्तीसगढ़
न्यायालयों में भी सुनवाई आगे बढ़ी
बताया जा रहा है कि कर्मचारी संघों की हड़ताल में न्यायालयीन कर्मचारी भी शामिल हैं। इसकी वजह से न्यायालयों में चलने वाले विभिन्न मामलों की सुनवाई भी आगे बढ़ गई है।