यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chhattisgarh Gothan News: पैरा चारा की व्यवस्था के लिए राज्य के 6200 गोठान को 24.80 करोड़ रुपये जारी
Chhattisgarh Gothan News: सीएम बघेल ने गोठान समितियों को पैरा चारा की व्यवस्था के लिए स्वीकृत की 40-40 हजार रुपये की राशि।
By Kadir KhanEdited By: Kadir Khan
Publish Date: Sat, 06 Nov 2021 08:11:44 AM (IST)Updated Date: Sat, 06 Nov 2021 08:11:44 AM (IST)

Chhattisgarh Gothan News: रायपुर (नईदुनिया प्रातिनिधि)। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गोठानों में पशुधन के पैरा चारे की व्यवस्था के लिए गोठान समितियों को 40-40 हजार रुपये की राशि मंजूर की है। छत्तीसगढ़ के 6 हजार 200 गोठानों के लिए कृषि मंत्रालय द्वारा 40 हजार रुपये के मान से कुल 24 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि जारी हुई है। इस राशि का उपयोग गोठान समितियां राज्य के किसानों द्वारा दान किए गए धान के पैरा के संग्रहण, मजदूरी और परिवहन पर व्यय कर सकेंगी। गोधन न्याय योजना के तहत राज्य शासन द्वारा 24 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि आबंटित की गई है।
बता दें कि अभी छत्तीसगढ़ में 6,200 गोठान सक्रिय रूप से संचालित हैं। शासन द्वारा प्रति गोठान के लिए 40 हजार रुपये के हिसाब से राशि जारी की है। यह राशि प्रबंधन समिति को दी जाएगी। मालूम हो बीते दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने राज्य के किसानों से गोठानों में गोमाता के चारे की व्यवस्था के लिए पैरा-दान करने आग्रह किया था, ताकि गोठानों में पशुधन के लिए सूखे चारे का पर्याप्त प्रबंध हो सके।
मुख्यमंत्री ने किसानों से बीते वर्ष की तरह इस साल भी धान की कटाई के बाद खेतों में पैरा को जलाने की बजाय अपने गांव की गोठान समिति को पैरा-दान करने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने गोधन के चारे के लिए सर्वाधिक पैरा-दान करने वाले कृषक एवं सर्वाधिक पैरा एकत्र करने वाली गोठान प्रबंध समिति को विकासखंड स्तर पर पुरस्कृत और सम्मानित किए जाने के निर्देश भी दिए हैं।