Chhattisgarh Governor Meet To Tribal: सरगुजा से पदयात्रा करके पहुंचे आदिवासियों ने राजभवन में राज्यपाल से मिलकर रखी बात
Chhattisgarh Governor Meet To Tribal: राज्यपाल से हसदेव अरण्य में किए गए भूमि अधिग्रहण को निरस्त करने का किया आग्रह।
By Kadir Khan
Edited By: Kadir Khan
Publish Date: Fri, 15 Oct 2021 06:40:00 AM (IST)
Updated Date: Fri, 15 Oct 2021 06:40:45 AM (IST)

Chhattisgarh Governor Meet To Tribal: रायपुर, राज्य ब्यूरो। सरगुजा क्षेत्र से पदयात्रा करके राजधानी पहुंचे आदिवासियों ने गुरुवार को राजभवन में राज्यपाल अनुसुईया उइके से मिलकर अपनी बात रखी। उन्होंने हसदेव अरण्य परिक्षेत्र को संरक्षित करने और कोयला खनन परियोजना को निरस्त करने, बिना ग्रामसभा की सहमति के हसदेव अरण्य क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण को निरस्त की मांग रखी।
उन्होंने पांचवी अनुसूची क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के पूर्व ग्राम सभा से अनिवार्य सहमति लेने और पेसा कानून को लागू करने का भी आग्रह किया। राज्यपाल ने शासन से चर्चा करके उनकी समस्याओं का यथोचित समाधान करने का आश्वासन दिया है।
राज्यपाल ने बड़ी संवेदनशीलता से उनकी बातें सुनी और कहा कि पांचवी अनुसूची के क्षेत्र में ग्राम सभा को विशेष अधिकार होते हैं और उनकी अनुमति के बिना कोई भी परियोजना या अन्य कार्य क्रियान्वित नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि वे उनकी संरक्षक है।
उनकी भावनाओं को समझती हैं और उनकी जो भी समस्या है, उनका यथोचित समाधान करने का प्रयास करूंगी। साथ ही शासन से चर्चा करूंगी। इस दौरान राज्यपाल ने तेंदूपत्ता बोनस और उनके बधाों को मिलने वाली छात्रवृत्ति के बारे में पूछा। राज्यपाल ने पदयात्रियों के लिए स्वल्पाहार का इंतजाम कराया।
10 से 12 लोगों को अनुमति, लेकिन सभी मिलीं उइके
राजभवन पहुंचे सभी आदिवासी सरगुजा, कोरबा और सूरजपुर क्षेत्र के हैं। करीब तीन सौ आदिवासियों ने चार अक्टूबर को सरगुजा से अपनी पद यात्रा शुरू की थी। 10 दिन में करीब तीन सौ किलो मीटर की पदयात्रा की। राजभवन की तरफ से पहले इनके 10 से 12 प्रतिनिधियों को ही मिलने की अनुमति दी गई थी, लेकिन राज्यपाल को जब उनकी पदयात्रा की जानकारी मिली तो उन्होंने सभी को राजभवन बुला लिया।
राज्यपाल उइके का तीन दिवसीय बस्तर प्रवास शुक्रवार से
राज्यपाल अनुसुईया उइके शुक्रवार से तीन दिवसीय बस्तर प्रवास पर रहेंगी। राज्यपाल दोपहर 02:25 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल से नियमित विमान से जगदलपुर के लिए रवाना होंगी और दोपहर 03:30 बजे मां दंतेश्वरी विमानतल जगदलपुर पहुंचेंगी। वहां दोपहर बाद चार बजे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मुलाकात करेंगी।
शाम 5.30 बजे वे राजमहल परिसर स्थित माईं दंतेश्वरी का दर्शन और पूजन-अर्चना करेंगी। वहां भीतर रैनी के दिन संचालित होने वाले आठ च-े के विजय रथ की परिक्रमा में शामिल होंगी। शनिवार को राज्यपाल जगदलपुर के कुम्हड़ाकोट में होने वाले नुआखाई कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। रविवार को दोपहर 12.30 बजे एयर इंडिया के नियमित विमान से रायपुर के लिए रवाना होंगी।