यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chhattisgarh Political News: त्रिपुरा में कांग्रेस नेताओं की भगदड़ रोकने का जिम्मा छत्तीसगढ़ के मंत्री सिंहदेव को
Chhattisgarh Political News: कांग्रेस नेता शामिल हो रहे भाजपा और तृणमूल कांग्रेस में।
By Kadir KhanEdited By: Kadir Khan
Publish Date: Mon, 02 Aug 2021 08:55:00 AM (IST)Updated Date: Mon, 02 Aug 2021 08:55:59 AM (IST)

रायपुर। (नईदुनिया, राज्य ब्यूरो) Chhattisgarh Political News: त्रिपुरा में कांग्रेस नेताओं का दूसरे दलों में जाने का सिलसिला रोकने के लिए कांग्रेस आलाकमान ने छत्तीसगढ़ के मंत्री टीएस सिंहदेव को मैदान में उतारा है। सिंहदेव कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अविनाश पांडे के साथ सोमवार को अगरतला पहुंच रहे हैं। वहां वे पार्टी के नेताओं और विधायकों से संपर्क करेंगे और वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति पर चर्चा करेंगे। त्रिपुरा में भाजपा की सरकार है और मुख्यमंत्री विप्लवदेव का कार्यकाल 2023 में पूरा होगा। चुनाव से पहले भाजपा और तृणमूल कांग्रेस की नजर कांग्रेस के नेताओं पर है।
त्रिपुरा रवाना होने से पहले रायपुर में मीडिया से चर्चा में टीएस सिंहदेव ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के नेता जोड़तोड़ की राजनीति में जुटे हैं। दोनों दल कांग्रेस के नेताओं से संपर्क करके अपने पाले में लाने की कवायद कर रहे हैं। इसको रोकने के लिए आलाकमान ने त्रिपुरा भेजा है। सिंहदेव रविवार शाम को कोलकता के लिए रवाना हुए। वे सोमवार सुबह 11 बजे अगरतला पहुंच जाएंगे।
गौरतलब है कि त्रिपुरा के वरिष्ठ नेता सुबल भौमिक ने दो दिन पहले ही तृणमूल कांग्रेस का झंडा थाम लिया। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन, पश्चिम बंगाल के मंत्री बी बसु और मोलाय घटक शामिल थे। भौमिक कांग्रेस ज्वाइन करने से पहले भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
मेरिट वर्सेज सामाजिक न्याय का रास्ता कठिन
सिंहदेव ने मेडिकल सीट में आरक्षण पर कहा कि मेरिट और सामाजिक न्याय के बीच रास्ता चुनना कठिन है। अगर मेरिट को प्राथमिकता मिल जाएगी तो सामाजिक न्याय पूरा नहीं होता है। अगर सिर्फ सामाजिक न्याय को चुना जाएगा तो गुणवत्ता प्रभावित होगी। आबादी के अनुपात में आरक्षण की बात सामने आ रही है।
सिंहदेव-महंत एक साथ पहुंच रहे दिल्ली, गरमाई सियासत
छत्तीसगढ़ की राजनीति में दो बड़े नेता लंबे समय बाद एक साथ दिल्ली पहुंच रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत पारिवारिक कारणों से दिल्ली जा रहे हैं। लेकिन लोकसभा सत्र शुरू होने के कारण चर्चा है कि वे पार्टी के बड़े नेताओं से भी संपर्क करेंगे। संसद का मानसून सत्र चल रहा है। कोरबा सांसद और महंत की पत्नी ज्योत्सना महंत दिल्ली में ही हैं। महंत विधानसभा के मानसून सत्र की वजह से दिल्ली नहीं जा पाए थे। अब सत्र खत्म हो जाने के बाद वे दिल्ली जाएंगे। वहीं, कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह के आरोपों के बाद मंत्री टीएस सिंहदेव भी मंगलवार को दिल्ली पहुंचेंगे। इसको लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में भी काफी चर्चा है। सिंहदेव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि वे अगरतला से दिल्ली आएंगे। हालांकि उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात की संभावनाओं से इन्कार किया है।