
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश में एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट यूजी काउंसिलिंग के तीसरे चरण (माप-अप राउंड) की आवंटन सूची जारी कर दी गई है। आवंटित सीटों पर प्रवेश के लिए 12 से 15 अक्टूबर तक दस्तावेजों के सत्यापन और प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
जारी रिक्त सीट मैट्रिक्स के अनुसार प्रदेश में एमबीबीएस और बीडीएस की कुल 431 सीटें खाली हैं। इनमें एमबीबीएस की 206 और बीडीएस की 225 सीटें शामिल हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित केंद्रों पर स्वयं उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। तय अवधि में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर प्रवेश का अवसर समाप्त हो सकता है।
आवंटित अभ्यर्थियों के लिए स्क्रूटनी और प्रवेश की प्रक्रिया 12 अक्टूबर सुबह 10 बजे से शुरू होगी। दस्तावेजों के सत्यापन की अंतिम समय-सीमा 15 अक्टूबर शाम चार बजे और आवंटित संस्था में प्रवेश लेने की अंतिम समय-सीमा शाम पांच बजे निर्धारित की गई है। इस अवधि में पड़ने वाले अवकाश के दिनों में भी संबंधित केंद्र खुले रहेंगे और प्रक्रिया जारी रहेगी। शासकीय मेडिकल और डेंटल कालेजों में आवंटित अभ्यर्थियों का सत्यापन संबंधित कालेज में होगा।
निजी मेडिकल कालेजों में प्रवेश पाने वाले अभ्यर्थियों की स्क्रूटनी नवा रायपुर के उपरवारा स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान भवन में होगी। निजी डेंटल कालेजों में आवंटित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर में किया जाएगा।
तीसरे चरण में सीट आवंटित होने के बाद अभ्यर्थी प्रवेश नहीं लेता है या प्रवेश लेने के बाद सीट छोड़ता है, तो नियमानुसार उसकी जमा सिक्योरिटी या पंजीयन राशि राजसात की जा सकती है। ऐसे अभ्यर्थी चालू शैक्षणिक सत्र की आगे की काउंसिलिंग प्रक्रिया से भी बाहर हो सकते हैं। काउंसिलिंग से जुड़ी सूचना और निर्देश चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट https://cgdme.admissions.nic.in पर देखे जा सकते हैं।