यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chhattisgarh News: महंगाई के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ पदयात्रा करेगी कांग्रेस
Chhattisgarh News: 14 नवंबर से शुरू हो रहे जनजागरण अभियान के तहत निकाली जाएगी। इसकी शुरुआत भिलाई से होगी।
By Kadir KhanEdited By: Kadir Khan
Publish Date: Wed, 10 Nov 2021 01:12:34 PM (IST)Updated Date: Wed, 10 Nov 2021 01:12:34 PM (IST)

Chhattisgarh News: रायपुर (राज्य ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ में महंगाई के विरोध में कांग्रेस केंद्र सरकार के खिलाफ पदयात्रा निकालेगी। यह पदयात्रा 14 नवंबर से शुरू हो रहे जनजागरण अभियान के तहत निकाली जाएगी। इसकी शुरुआत भिलाई से होगी। इसका पूरा कार्यक्रम बुधवार को दुर्ग में होने वाली प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में तय किया जाएगा।
कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 27 अक्टूबर को दिल्ली में पार्टी के सभी राज्यों के प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्रियों की बैठक ली थी। इसमें 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी पर चर्चा हुई थी। बैठक में यह तय हुआ था कि लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को मजबूत करने के लिए केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ माहौल बनाना जरूरी है। महंगाई ज्वलंत मुद्दा है, इसी पर केंद्र सरकार पर हमलावर होने के निर्देश दिए गए हैं।
इसलिए छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने जनजागरण अभियान चलाकर मोदी सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री (प्रशासन) रवि घोष ने बताया कि 14 नवंबर से शुरू होने वाली कांग्रेस की पदयात्रा संगठन के सभी 307 ब्लाक में निकाली जाएगी। पदयात्रा का समापन 29 नवंबर को कोंडागांव में होगा। इसमें प्रदेश कांग्रेस के लगभग सभी नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे।
राजीव भवन में मारपीट को पुनिया ने बताया सामान्य
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेसियों के बीच मारपीट की घटना को प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने सामान्य घटना करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी परिवार है, परिवार में कभी-कभार सदस्यों के बीच थोड़ा-बहुत विवाद हो जाता है, लेकिन अनुशासनहीनता की प्रक्रिया है, उसके तहत कार्रवाई भी होती है।
दुर्ग में बुधवार को प्रस्तावित कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए पुनिया मंगलवार शाम को रायपुर पहुंचे। उनसे पत्रकारों ने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद पर सवाल किया तो पुनिया ने कहा, कांग्रेस संगठन परिवार जैसा है, इतने बड़े परिवार में सदस्यों के बीच विवाद सामान्य है। पुनिया बोले यहां भी जो हुआ, वह ज्यादा कुछ नहीं था। बता दें कि 29 अक्टूबर को राजीव भवन में एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं के बीच लात-घूंसे और बेल्ट चले थे।
इसके बाद 30 अक्टूबर को राजीव भवन में ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के सामने वाहन पार्किंग के विवाद पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमरजीत चावला और पूर्व सचिव सन्न्ी अग्रवाल के बीच गाली-गलौच हुई थी। इससे पहले 25 अक्टूबर को जशपुर में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मंच पर जिला कमेटी के दो पदाधिकारी आपस में उलझ गए थे।