
डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों की उपज को समर्थन मूल्य दिलाने के लिए शुरू किया गया धान खरीदी महाअभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 16 नवंबर 2026 को बिलासपुर जिले के सेन्द्री स्थित धान उपार्जन केंद्र से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए खरीदी का शुभारंभ किया।
इससे एक दिन पहले 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत की थी।
सरकार ने इस साल प्रदेशभर में कुल 3100 धान उपार्जन केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें से 2847 केंद्रों पर टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जबकि 2030 केंद्रों पर खरीदी शुरू हो गई है। शाम 7 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में कुल 5 लाख 64 हजार 470 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। इसमें 3 लाख 26 हजार 110 क्विंटल मोटा धान, 2 लाख 16 हजार 482 क्विंटल पतला धान और 21 हजार 877 क्विंटल सरना धान शामिल है।
जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा खरीदी बालोद जिले में हुई है। यहां 67,125.20 क्विंटल धान का उपार्जन हुआ। इसके बाद राजनांदगांव जिले में 64,095.60 क्विंटल और महासमुंद जिले में 56,454 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर खरीदा गया है।
सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केंद्रों पर सुव्यवस्थित खरीदी, टोकन सिस्टम और पारदर्शी प्रक्रिया की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम दिलाने और कृषि विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। धरमजयगढ़ और सेन्द्री से शुरू हुआ यह अभियान अब पूरे प्रदेश में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे किसानों में उत्साह देखा जा रहा है।