
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। लोक निर्माण विभाग ने प्रशासनिक कसावट और फील्ड में निर्माण कार्यों में तेजी लाने 91 उप अभियंताओं (सिविल) के तबादले किए हैं। छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग (मंत्रालय) द्वारा महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से इस संबंध में विस्तृत आदेश जारी कर दिया गया है। यह सभी तबादले प्रशासनिक आधार पर अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार कुल 91 उप अभियंताओं को नए स्थानों पर पदस्थ किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से प्रदीप कुमार चन्द्राकर को रायपुर से गरियाबंद, फारूक इशराक को नवा रायपुर से दुर्ग, चुम्मन लाल साहू को बलौदाबाजार से रायपुर, मंगल प्रसाद चन्द्राकर को महासमुंद से विधानसभा संभाग रायपुर और मुकेश नायक को महासमुंद से राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग रायपुर स्थानांतरित किया है। इसी तरह अंशुमान सिंह को गरियाबंद से धमतरी, संतोष कुमार साहू को गरियाबंद से विधानसभा संभाग रायपुर और माया ताम्रकार को बेमेतरा से दुर्ग संभाग भेजा है।

तबादला सूची में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों जैसे रायपुर, दुर्ग, धमतरी, बिलासपुर, अंबिकापुर, रायगढ़, महासमुंद, गरियाबंद, कवर्धा, मोहला, जगदलपुर, कोण्डागांव सहित कई अन्य क्षेत्रों के उप अभियंताओं के प्रभार बदले हैं। महिला उप अभियंताओं में ललीता साहू को रायपुर से दुर्ग, नेहा यदुवंशी को दुर्ग से रायपुर, अनिशा मिरे को बिलासपुर से खैरागढ़, प्रीति शर्मा को रायपुर से बालोद और दुर्गा राय को मोहला-मानपुर से राजनांदगांव संभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सेतु संभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग के कई अभियंताओं को भी नई पदस्थापना दी है।
.png)