
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एक से तीन नवंबर तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर के मेला ग्राउंड में तीन दिवसीय राज्योत्सव आयोजित होगा। इस वर्ष की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ है। उत्सव के माध्यम से राज्य सरकार आत्मनिर्भर युवा, सशक्त नारी और माओवादी हिंसा से मुक्ति का संदेश देगी।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया होंगे। दो नवंबर को राज्यपाल रमेन डेका कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तीन नवंबर को समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
रविवार को 40 राज्यस्तरीय अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी और अंतिम दिन अलंकरण समारोह होगा। विभागीय विकास प्रदर्शनियां, लोककला और शिल्प, राष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियां तथा भारतीय वायुसेना की सारंग टीम का एयर शो उत्सव के प्रमुख आकर्षण होंगे। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ‘बदलता बस्तर, संवरता छत्तीसगढ़’ थीम पर प्रदर्शनी लगाएगा। इसमें माओवादी हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में शांति के साथ बढ़ते पर्यटन और रोजगार के अवसरों के साथ वन एवं वन्यजीव संरक्षण की पहल दिखाई जाएगी।प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में दो नवंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विकास प्रदर्शनियों के साथ राज्योत्सव मनाया जाएगा।
दो नवंबर को सुबह 11 बजे नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकाप्टर डिस्प्ले टीम हवाई करतब दिखाएगी। पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकाप्टरों के पायलट सामूहिक उड़ान के दौरान आकर्षक हवाई संरचनाएं बनाएंगे और साहसिक करतब पेश करेंगे। मोर से प्रेरित रंग-सज्जा वाले हेलीकाप्टरों का सटीक तालमेल दर्शकों को रोमांचित करेगा। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व वाली टीम में महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। प्रदर्शन भारतीय वायुसेना के शौर्य, अनुशासन और उड़ान दक्षता के साथ स्वदेशी विमानन तकनीक की क्षमता दर्शाएगा।
तीनों दिन शाम चार बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। स्थानीय कलाकार शाम चार बजे, राज्यस्तरीय कलाकार शाम सात बजे और राष्ट्रीय कलाकार रात आठ बजे प्रस्तुति देंगे। छत्तीसगढ़ के लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक परंपराओं के साथ राष्ट्रीय कलाकारों का संगीत कार्यक्रम होगा।