
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया.रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर के मेला ग्राउंड में तीन दिवसीय भव्य राज्योत्सव का शुभारंभ किया गया। इस उत्सव का उद्घाटन केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की। इस तीन दिवसीय आयोजन को लेकर प्रदेशभर में भारी उत्साह देखा जा रहा है, जहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विकासात्मक प्रदर्शनियों के साथ कला और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
राज्योत्सव के वसर पर संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस वर्ष के प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा की। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट, साहसिक और सराहनीय कार्य करने वाली प्रदेश की नामचीन प्रतिभाओं और प्रतिष्ठित संस्थाओं को कुल 36 श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि आगामी अलंकरण समारोह में देश के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह विशेष रूप से शामिल होंगे और अपने करकमलों से इन विजेताओं को सम्मानित करेंगे। इस घोषणा से पुरस्कार पाने वाले दिग्गजों और उनके परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
सहकारिता के क्षेत्र में बस्तर जिले के चित्रकोट स्थित प्राथमिक कुडुक मछुआ सहकारी समिति मर्यादित के धनसिंह बघेल को 'ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार' प्रदान किया जाएगा। सामाजिक समरसता के लिए रायगढ़ के बाबूलाल अग्रवाल को 'महाराजा अग्रसेन सम्मान' तथा सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उपलब्धियों के लिए बिलासपुर के नेहरू नगर स्थित तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान को 'पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान' मिलेगा।
साहित्य, रंगमंच और लोककलाओं के क्षेत्र में भी कई दिग्गज सम्मानित होंगे। रचनात्मक लेखन और हिंदी भाषा के लिए गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को 'पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान' दिया जाएगा। समकालीन रंगकर्म तथा छत्तीसगढ़ी, हिंदी एवं अन्य भाषाओं के नाटकों के लिए रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को 'हबीब तनवीर सम्मान' से सम्मानित किया जाएगा।
इस वर्ष कई प्रतिष्ठित और पारंपरिक सम्मानों के लिए विशिष्ट हस्तियों का चयन किया गया है। आदिवासी उत्थान, सामाजिक चेतना और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए धमतरी जिले के डुमन लाल ध्रुव को प्रतिष्ठित 'शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान' प्रदान किया जाएगा। वहीं, अहिंसा एवं गौरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम को 'यति यतनलाल सम्मान' दिया जाएगा। महिला उत्थान एवं जनजागृति के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाली गरियाबंद की लोक आस्था सेवा संस्थान की लता नेताम को 'मिनीमाता सम्मान' से नवाजा जाएगा। इसके अलावा, सामाजिक चेतना एवं दलित उत्थान के लिए कबीरधाम जिले के सुखचंद भास्कर को 'गुरु घासीदास सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान सम्मान' के लिए चुना गया है।