
राज्य ब्यूरो नईदुनिया रायपुर। छत्तीसगढ़ से तेलंगाना को आपूर्ति की गई बिजली के करीब दो हजार करोड़ रुपये के भुगतान का विवाद अब नियामक आयोग तक पहुंच गया है। छह साल से अटके इस भुगतान को लेकर छत्तीसगढ़ की बिजली कंपनी ने राज्य विद्युत नियामक आयोग में याचिका दायर की है। आयोग ने तेलंगाना सरकार को 10 सितंबर को सुनवाई में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है।
भुगतान विवाद सुलझाने के लिए दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से बातचीत होती रही है, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। बिजली कंपनी की ओर से कई बार अनुरोध किए जाने के बावजूद तेलंगाना सरकार की ओर से अपेक्षित जवाब नहीं मिला। इसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के माध्यम से मामले को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
इधर, छत्तीसगढ़ बिजली कंपनी के अधिकारी इस मामले में केंद्र सरकार से भी हस्तक्षेप की मांग करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए केंद्रीय विद्युत मंत्रालय और वित्तीय संस्थानों को पत्र भेजने की तैयारी है। अधिकारियों का मानना है कि केंद्र की मध्यस्थता या दिशा निर्देश से वर्षों पुराने भुगतान विवाद के समाधान का रास्ता निकल सकता है।
डॉ. रमन सिंह सरकार के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के बीच बिजली खरीद बिक्री का समझौता हुआ था। इसके तहत छत्तीसगढ़ की बिजली कंपनी ने अलग अलग अवधि में तेलंगाना को एक हजार मेगावाट तक बिजली की आपूर्ति की थी। कोरबा स्थित मड़वा ताप विद्युत संयंत्र से बिजली भेजी जाती थी। शुरुआती दौर में भुगतान नियमित रहा, लेकिन बाद में तेलंगाना बिजली बोर्ड ने बिलों का भुगतान रोक दिया।
बकाया राशि बढ़ने के बाद दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। तेलंगाना की ओर से किस्तों में भुगतान की सहमति भी बनी, लेकिन राशि जमा नहीं हुई। इसके बाद छत्तीसगढ़ ने बिजली आपूर्ति बंद कर दी।
तेलंगाना में सरकार बदलने के बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार ने पूर्ववर्ती केसीआर सरकार पर बिजली खरीद में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। बिना टेंडर अधिक दर पर बिजली खरीदने से तेलंगाना बिजली बोर्ड को 1300 करोड़ रुपये से अधिक नुकसान होने का आरोप है। इसकी न्यायिक जांच सेवानिवृत्त सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश की अध्यक्षता वाला एक सदस्यीय आयोग कर रहा है। अब नियामक आयोग की सुनवाई से भुगतान विवाद की अगली दिशा तय होने की उम्मीद है।