
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया.रायपुर। प्रदेश में कुपोषण और एनीमिया के खिलाफ अब घर-घर मुनगा पहुंचाने अभियान शुरू हो गया है। तीजा-पोरा पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की गई।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की मौजूदगी में अभियान का लोगो जारी किया गया और पोषण जागरूकता के लिए ‘सुपोषण रथ’ को हरी झंडी दिखाई गई। अभियान का लक्ष्य मुनगा को हर परिवार की बाड़ी और भोजन तक पहुंचाना है।
आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन और विटामिन से भरपूर मुनगा महिलाओं में एनीमिया और बच्चों में कुपोषण से लड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, पोषण वाटिकाओं और ग्रामीण घरों में मुनगा के पौधे लगाए और वितरित किए जाएंगे। अभियान के तहत 52,553 आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए 7.88 लाख परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया गया है।
प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र क्षेत्र में 15 पौधे लगाने और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी तय की गई है। पौधे कितने जीवित हैं, कितने क्षतिग्रस्त हुए और कहां पुनः रोपण की जरूरत है आदि की निगरानी डिजिटल डैशबोर्ड से होगी।
मंत्री राजवाड़े ने कहा कि विभाग की छह नई योजनाओं में से यह पहली योजना है, जिसे धरातल पर उतारा गया है। शेष पांच योजनाओं को भी जल्द लागू किया जाएगा। उन्होंने लोगों से घर की बाड़ी में मुनगा लगाने और सप्ताह में कम से कम तीन बार मुनगा फल, भाजी और फूल को भोजन में शामिल करने की अपील की।