
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ में शासकीय शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अपडेट सामने आया है। प्रदेश में आयोजित होने वाली शिक्षक और सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की प्रस्तावित तारीखों में स्कूल शिक्षा विभाग ने संशोधन किया है। पहले इन परीक्षाओं का आयोजन अक्टूबर महीने में किया जाना था, लेकिन अब प्रशासनिक कारणों से इन्हें स्थगित कर दिसंबर 2026 में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। बदलाव से अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी को और अधिक मजबूत करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के तहत सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा अब छह दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके लिए पहले 11 अक्टूबर की संभावित तिथि तय की गई थी। इसी प्रकार शिक्षक भर्ती परीक्षा की तारीख में भी फेरबदल किया गया है। पहले यह परीक्षा 25 अक्टूबर को प्रस्तावित थी, जो अब 20 दिसंबर 2026 को संपन्न होगी।
परीक्षा की सुचारू व्यवस्था के लिए प्रदेश के कुल सोलह जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए जाने की पूरी तैयारी की जा रही है, जिससे दूर-दराज के परीक्षार्थियों को भी सुविधा हो सके।
इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से राज्य के विभिन्न स्कूलों में रिक्त पड़े महत्वपूर्ण पदों को भरा जाना है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस अभियान के तहत शिक्षक के कुल 1068 पदों, सहायक शिक्षक के 2292 पदों और सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला के 200 पदों पर उम्मीदवारों की नियुक्तियां की जाएंगी।
परीक्षा की तारीखों में हुए इस बदलाव से उन अभ्यर्थियों को विशेष राहत मिली है जिनका पाठ्यक्रम अभी पूरा नहीं हुआ था या जिन्हें रिविजन के लिए कम समय मिल रहा था। अब दिसंबर तक का अतिरिक्त समय मिलने से परीक्षार्थी तन्मयता के साथ अपनी पढ़ाई को अंतिम रूप दे सकेंगे।
शिक्षा विभाग ने भी सभी अभ्यर्थियों को समय पर प्रवेश पत्र डाउनलोड करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। सोलह जिला मुख्यालयों में होने वाली इन परीक्षाओं के लिए प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं ताकि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।