
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों सहित 38 महत्वपूर्ण स्थलों पर सेवा ज्योति संकल्प चौक विकसित किए जाएंगे। राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध तेलीबांधा चौक को भी इस भव्य संकल्प चौक के रूप में नया स्वरूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा के दौरान यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चौक केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि ये जनसेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के जीवंत प्रतीक बनेंगे। ये स्थल आने वाली नई पीढ़ियों को निरंतर याद दिलाएंगे कि देश और प्रदेश के सर्वांगीण विकास में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने उपस्थित विशाल जनसमूह, जनप्रतिनिधियों और युवाओं को विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने अपने हाथों में जलती हुई मशाल लेकर भव्य सेवा ज्योति यात्रा का नेतृत्व किया। यह यात्रा कृषि विश्वविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं की बाइक रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पूरे मार्ग में नागरिकों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में संवैधानिक दायित्व संभाला था। तब से लेकर आज तक मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके अविरल और निष्कलंक जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक सुनील सोनी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।