रायपुर । Chhattisgarh Urban Body Election Result 2019 नगरीय निकाय चुनाव में सत्तास्र्ढ़ कांग्रेस सरताज बनकर उभरी है। वोटरों ने विधानसभा चुनाव की तर्ज पर कांग्रेस के पक्ष में जमकर मतदान की। प्रदेश के 151 निकायों के दो हजार 840 पार्षद पद के चुनाव में कांग्रेस ने एक हजार 283 वार्डों में जीत दर्ज की है। वहीं, भाजपा को एक हजार 131 वार्डों में जीत मिली है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश में 36 पार्षद जकांछ और 364 पार्षद निर्दलीय जीतकर पहुंचे हैं।
प्रदेश के 10 निगम में कांग्रेस ने बड़ी छलांग लगाई है और सात में अपना महापौर पक्का कर लिया है। राजनांदगांव, धमतरी और कोरबा में पेंच फंसा है। यहां निर्दलीय पार्षद निर्णायक भूमिका में रहेंगे। प्रदेश की सत्ता से बाहर होने के बाद हुए पहले नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका लगा है।
अपने दम पर महापौर नहीं बना पाएगी भाजपा
एक भी नगर निगम में भाजपा अपने दम पर महापौर बनाने की स्थिति में नहीं है। रायपुर और बिलासपुर नगर निगम में भाजपा के बड़े नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। यहां कांग्रेस की बहुमत नहीं होने के बाद भी भाजपा अपना महापौर सिर्फ एक पार्षद कम होने के कारण नहीं बना सकती है।
राजनांदगांव में कांग्रेस को चार और भाजपा को पांच निर्दलीय के समर्थन की जरूरत है। कोरबा में कांग्रेस को दस और भाजपा को आठ पार्षद और धमतरी में कांग्रेस को दो और भाजपा को तीन पार्षद की जरूरत है।
पाटन में एकतरफा कांग्रेस
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पाटन में कांग्रेस को एकतरफा जीत मिली है। नगर पंचायत में कांग्रेस को 15 में 12, भाजपा को दो और एक सीट पर निर्दलीय जीते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के गृह जिले कवर्धा में भी कांग्रेस को जीत मिली है।
- शहरी क्षेत्र में अक्सर भाजपा को बढ़त मिलती रही है, लेकिन इस चुनाव में कांग्रेस का अच्छा प्रदर्शन रहा है। कांग्रेस ने सरकार के एक साल की उपलब्धियों और कामों की ब्रांडिंग करके चुनाव लड़ा। जनता ने जिस तरह से कांग्रेस पर भरोसा जताया है, उससे साफ है कि वह सरकार के काम से संतुष्ट है। -मोहन मरकाम, पीसीसी अध्यक्ष
- परिणाम कांग्रेस सरकार को आईना दिखाने के लिए काफी है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिले बड़ी जीत के बाद निकाय चुनाव में भाजपा को जनता का अच्छा प्रतिसाद मिला। यह कांग्रेस सरकार की असफलता पर जनता के गुस्से का प्रगटीकरण भी है। एक साल में ही भूपेश सरकार अलोकप्रिय हो गई है। -विक्रम उसेंडी, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
- जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। रायपुर, बिलासपुर, कोरबा में किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिल रहा है। निर्दलीयों की खरीद फरोख्त कर भले ही कांग्रेस इन निकायों में अपना महापौर बना ले, लेकिन यह स्पष्ट है कि जनता ने एक साल के कांग्रेस सरकार के कामकाज को खारिज कर दिया है। - अमित जोगी, प्रदेश अध्यक्ष, जकांछ