
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ शक्तिशाली मौसमी सिस्टम अब छत्तीसगढ़ के मौसम को पूरी तरह प्रभावित करने लगा है। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र शनिवार को अवदाब में तब्दील हो गया है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के भीतर इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना जताई जा रही है। मौसमी उथलपुथल के कारण राज्योत्सव के भींगने की भी संभावना पैदा हो गई है।
जशपुर जिले के मनोरा में 7 सेमी और कुनकुरी में 5 सेमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। राजधानी में एक नवंबर को राज्योत्सव के शुभारंभ के दिन भी मौसम बाधा बन सकता है।
रायपुर में आकाश आंशिक मेघमय रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम और एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई। जशपुर जिले के मनोरा में सर्वाधिक 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। कुनकुरी में 5, बगीचा में 4 तथा तपकरा, सन्ना और कांसाबेल में 3-3 सेमी वर्षा हुई। जशपुरनगर और पत्थलगांव में 2-2 सेमी पानी बरसा। बलरामपुर जिले के कुसमी में 5, सामरी और चांदो में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई। रामचंद्रपुर और चलगली में एक-एक सेमी वर्षा हुई। रायगढ़ जिले के लैलूंगा में 2 और मुकडेगा में एक सेमी बारिश हुई।
प्रदेश में शनिवार को जगदलपुर 31.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि दुर्ग में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पेण्ड्रारोड में अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार सुबह 11:30 बजे अवदाब का केंद्र अंडमान क्षेत्र के पास लगभग 10 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 90.2 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। यह श्री विजयपुरम से करीब 330 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में स्थित था। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और अगले 12 घंटे में गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है। इसके बाद अगले 12 घंटे में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। अनुमान है कि यह 2 नवंबर की शाम आंध्र प्रदेश तट के निकट पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंच जाएगा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक बढ़ोतरी का अनुमान भी जताया है।