
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। दक्षिण छत्तीसगढ़ में गुरुवार को कई स्थानों पर बारिश के साथ कुछ जगह भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। वहीं एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना गहरा अवदाब (डीप डिप्रेशन ) उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से 25 सितंबर को मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
रायपुर में 25 सितंबर को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने और कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में जगदलपुर में 74.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। कोंटा में 80 मिमी, तोंगपाल और छिंदगढ़ में 70-70, बास्तानार और बिहारपुर में 60-60 तथा बड़े बचेली, दोरनापाल और सुकमा में 50-50 मिमी बारिश हुई। दुर्ग में प्रदेश का सबसे अधिक 30.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में भी प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात हो सकता है।