छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, छह सितंबर को भी बरसेंगे बादल, गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी
उत्तर भारत के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां अभी भी पूरी तरह सक्रिय बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने की चेतावनी भी जारी की है।
Publish Date: Sat, 05 Sep 2026 06:38:50 PM (IST)Updated Date: Sat, 05 Sep 2026 10:05:51 PM (IST)
छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट प्रतीकात्मक तस्वीर। अर्काइवHighLights
- छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे बारिश जारी रहेगी
- कम दबाव के क्षेत्र से बारिश बढ़ गई
- मौसम विभाग ने वज्रपात की चेतावनी दी
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश में मानसून की गतिविधियां अभी जारी हैं। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मौसम विभाग ने रविवार को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ एक-दो जगह गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी दी है। राजधानी रायपुर में भी बादल छाए रहने के साथ एक-दो बार बौछारें पड़ सकती हैं।
इस दिशा में बढ़ रहा कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र अगले दो दिनों में पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ेगा, जिसके चलते प्रदेश में बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
कम दबाव का क्षेत्र बढ़ाएगा बारिश के आसार
उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र शनिवार को भी सक्रिय रहा। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके अगले दो दिनों में पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ने की संभावना है।
पेंड्रा सबसे ठंडा, जगदलपुर सबसे गर्म
शनिवार को तापमान के लिहाज से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अंतर देखने को मिला। जगदलपुर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम है। रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 23.8 डिग्री दर्ज हुआ, दोनों सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहे। बिलासपुर में 20 मिलीमीटर, जगदलपुर में 10.6 मिलीमीटर और दुर्ग में 10.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक वर्षा लोरमी, दरिमा और कुमारदा में 10-10 मिलीमीटर रही।
रविवार को रायपुर में एक-दो बार बौछार
राजधानी में रविवार को मौसम का मिजाज मिला-जुला रहने का अनुमान है। सुबह से आसमान में बादलों की मौजूदगी रह सकती है। दिन में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।