छत्तीसगढ़ की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा को राष्ट्रपति भवन में मिला सम्मान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के कोंडागांव और रायगढ़ से पहुंचे 50 बेलमेटल शिल्पकारों से विशेष मुलाकात की।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 04:20:06 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 04:20:06 PM (IST)
नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में कोंडागांव और रायगढ़ के शिल्पकारों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से की मुलाकात।HighLights
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिले छत्तीसगढ़ के बेलमेटल शिल्पकार
- कोंडागांव और रायगढ़ के शिल्पकारों ने राष्ट्रपति से की मुलाकात
- विशिष्ट निर्माण शैली और बारीक कारीगरी के लिए जाना जाता है ढोकरा शिल्प
नईदुनिया, राज्य ब्यूरो, रायपुर। छत्तीसगढ़ की शिल्प परंपरा और पीढ़ियों से संजोए गए हुनर को सोमवार को राष्ट्रपति भवन में विशेष पहचान मिली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदेश के कोंडागांव और रायगढ़ से पहुंचे 50 बेलमेटल शिल्पकारों से मुलाकात की। पारंपरिक बेलमेटल शिल्पकला को जीवंत बनाए रखने वाले इन कलाकारों के लिए यह एक गौरवपूर्ण अवसर रहा। राष्ट्रपति भवन में हुई इस विशेष मुलाकात ने राज्य की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक कारीगरी और शिल्पकारों की पीढ़ियों की साधना को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दी।
राष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ के शिल्पकारों से मिलने की जताई थी इच्छा
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत और सचिव राजेश सिंह राणा भी उपस्थित रहे। बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मु ने छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत कोंडागांव एवं रायगढ़ के बेलमेटल शिल्पकारों से भेंट करने की इच्छा व्यक्त की थी। प्रदेश की बेलमेटल कला, विशेष रूप से बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा शिल्प परंपरा अपनी विशिष्ट निर्माण शैली और बारीक कारीगरी के लिए जानी जाती है। धातु से तैयार देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों, लोकजीवन और पारंपरिक आकृतियों में प्रदेश की जनजातीय संस्कृति की गहरी छाप दिखाई देती है। कोंडागांव के शिल्पकार पीढ़ियों से इस कला को संरक्षित करते हुए अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए हैं।
पारंपरिक ज्ञान, कौशल और कलात्मक विरासत को मिला सम्मान
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति भवन में देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी कला एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करने के अवसर मिलते रहे हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के शिल्पकारों की यह मुलाकात प्रदेश की जीवंत हस्तशिल्प परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की महत्वपूर्ण पहल है। यह अवसर उन शिल्पकारों के लिए विशेष महत्व रखता है, जो पीढ़ियों से प्राप्त पारंपरिक ज्ञान, कौशल और कलात्मक विरासत को आज भी जीवंत बनाए हुए हैं।