
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा जिले के शिवपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्ट्रट पैदल जाने की घटना को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर चर्चा कर नाराजगी व्यक्त की कि छात्राओं को इस तरह का कदम उठाना पड़ा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्थिति किसी भी तरह स्वीकार्य नहीं है। यदि विद्यालय में बिजली और अन्य समस्याएं लंबे समय से बनी हुई थीं, तो संबंधित अधिकारियों ने समय पर उनका समाधान क्यों नहीं किया। उन्होंने कलेक्टर को निर्देश दिए कि पूरे प्रकरण की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर संयुक्त कलेक्टर शारदा अग्रवाल की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है, जिसने जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान विद्यालय के प्राचार्य ओम नारायण श्रीवास्तव को कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास अंबिकापुर में कार्य करने के लिए आदेशित किया गया है।
वहीं, प्रतीक्षा त्रिपाठी को विद्यालय के प्राचार्य का दायित्व सौंपा गया है। छात्रावास अधीक्षक आयुषी सोनी को लापरवाही के आरोप में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।
इधर, मुख्यमंत्री ने कलेक्टर से कहा कि केवल वर्तमान समस्याओं का समाधान पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे छात्राओं की समस्याएं विद्यालय स्तर पर ही समय पर सुनी जा सकें। उन्होंने आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा और अधिकारियों द्वारा सतत निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।