
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना अंतर्गत शिवानंद नगर क्षेत्र में 11 साल के मासूम छात्र को उसकी कोचिंग के सहपाठी की मां ने सस्ते परफ्यूम को हजारों का बता कर 1.77 लाख रुपये वसूल लिए। पीड़ित के पिता ने खमतराई थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिकायत के अनुसार गत जुलाई में पीड़ित छात्र की पहचान कोचिंग में पढ़ने वाले एक वरिष्ठ छात्र से हुई। मेलजोल बढ़ने के बाद वह पीड़ित को अपने घर ले गया। उसने उसे अपनी मां से मिलवाया। यहीं से ठगी और ब्लैकमेलिंग के सिलसिले की शुरुआत हुई।
आरोपियों ने महज कुछ सौ रुपये कीमत वाले इत्र की शीशी को बच्चे को दस हजार रुपये कीमती बताकर थमा दिया। इसके बाद वे मासूम को तरह-तरह से डराने लगे। आरोपियों ने उसे हाथ-पैर तोड़ने और गंभीर चोट पहुंचाने की खुली धमकी दी, जिससे डरा-सहमा बच्चा घर की अलमारी से पैसे निकालकर लगातार उन्हें देने के लिए मजबूर हो गया।
बच्चों के बीच असामान्य मेलजोल को भांपते हुए कोचिंग संचालिका ने सतर्कता दिखाई और छात्र के पिता को इसकी जानकारी दी। पिता ने जब अपने बेटे के बदले हुए हाव-भाव को देखकर उससे पूछताछ की, तो उसने घर से पैसे ले जाकर आरोपियों को सौंपने की पूरी खौफनाक दास्तान बयां कर दी।
मामला तब और गरमा गया जब आरोपी पक्ष का एक लड़का फिर से पैसे वसूलने पीड़ित के घर पहुंच गया। उसने इत्र की एक और शीशी के एवज में 77 हजार रुपये बकाया होने की बात कही। इसके बाद पीड़ित पिता ने जब विरोध जताया तो आरोपियों के स्वजन ने मौके पर पहुंचकर धमकाना शुरू कर दिया, जिसके पश्चात पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई।