छत्तीसगढ़ में पुलिस और जेलकर्मियों के बच्चों को कोचिंग फीस में 50 प्रतिशत तक मिलेगी छूट
छत्तीसगढ़ के पुलिस और जेल विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को अब आईआईटी-जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निजी कोचिंग संस्थानों की फीस में 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। प्रभारी डीजीपी एवं जेल डीजी हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में आकाश इंस्टीट्यूट और एलन एकेडमी के संचालकों के साथ हुई बैठक में इस पर सहमति बनी है।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 01:30:47 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 01:30:47 PM (IST)
प्रभारी डीजीपी हिमांशु गुप्ता (दाएं) के साथ डीसीपी तारकेश्वर पटेल (बाएं) और आकाश इंस्टीट्यूट के सतीश कुमार धृतलहरे (बीच में)।HighLights
- एलन एकेडमी में 30 प्रतिशत और आकाश इंस्टीट्यूट में 30 से 50 प्रतिशत की मिलेगी राहत
- आइआइटी-जेईई, नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर लागू होगी सुविधा
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। प्रदेश के पुलिस और जेलकर्मियों के परिवारों के बच्चों को आइआइटी-जेईई, नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निजी कोचिंग संस्थानों में फीस पर 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। प्रभारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं जेल डीजी हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को एलन एकेडमी और आकाश इंस्टीट्यूट के संचालकों के साथ हुई बैठक में इस संबंध में सहमति बनी है। इस पहल से पुलिस और जेल विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आर्थिक राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- दस महीने से निलंबित डीएसपी कल्पना वर्मा की बहाली की तैयारी, पुलिस मुख्यालय ने आगे बढ़ाई प्रक्रिया
एलन एकेडमी में फीस में 30 प्रतिशत की मिलेगी छूट
बैठक में तय किया गया कि रायपुर स्थित आकाश इंस्टीट्यूट में पुलिस एवं जेलकर्मियों के बच्चों को कोचिंग की कुल फीस में 30 से 50 प्रतिशत तक छूट दी जाएगी। वहीं, एलन एकेडमी की रायपुर, भिलाई और बिलासपुर शाखाओं में प्रवेश लेने वाले इन कर्मचारियों के बच्चों को पूरी फीस में 30 प्रतिशत की रियायत मिलेगी। बैठक में डीसीपी तारकेश्वर पटेल, आकाश इंस्टीट्यूट के सतीश कुमार धृतलहरे तथा एलन एकेडमी के देबाजीत चटर्जी और महेंद्र चंद्रा उपस्थित थे।