एसआईआर और ईवीएम विवाद पर चिराग पासवान की रायपुर में खरी-खरी, पूछा- क्या, हिमाचल में दोबारा चुनाव कराएगी कांग्रेस
केंद्रीय मंत्री और लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने रायपुर में विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सत्याग्रह अच्छी सोच है लेकिन झूठ और भ्रम फैलाक...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 04 Oct 2026 07:43:59 PM (IST)Updated Date: Sun, 04 Oct 2026 07:46:11 PM (IST)
चिराग पासवान की फाइल फोटो।अर्काइवHighLights
- विपक्ष झूठ और भ्रम से नहीं जीत पाएगा जनता का भरोसा
- छत्तीसगढ़ में संगठन विस्तार करेगी लोक जनशक्ति पार्टी
- चुनावी हालात देखकर होगा गठबंधन पर अंतिम फैसला
राज्य ब्यूरो,नईदुनिया,रायपुर। राज्य की राजनीति में अब लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) अपनी सियासी जमीन मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान रविवार को रायपुर पहुंचे और जल्द पार्टी की राज्य इकाई गठित करने का एलान किया। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते कहा कि पहले प्रदेश संगठन खड़ा किया जाएगा, इसके बाद जिला स्तर तक विस्तार और पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सत्याग्रह और विपक्ष के चुनाव संबंधी आरोपों पर तीखा निशाना साधते हुए चिराग ने कहा कि सत्याग्रह की सोच अच्छी है और युवाओं व देश के नागरिकों को अपनी बात रखने के लिए अधिक से अधिक मंच मिलना चाहिए, लेकिन विपक्ष यदि हर मुद्दे पर झूठ और भ्रम फैलाएगा तो जनता का भरोसा नहीं जीत पाएगा। विपक्ष मुद्दे उठाता है और कुछ समय बाद उन्हें छोड़ देता है। ईवीएम और एसआइआर विवाद इसका उदाहरण हैं। जनता को बार-बार भ्रमित करने के बजाय विपक्ष को अपनी हार के कारणों पर गंभीरता से आत्ममंथन करना चाहिए।
परिस्थितियों को देखकर लेंगे निर्णय
चुनाव में कितनी सीटों पर उतरना है और भाजपा के साथ गठबंधन करना है या नहीं, इसका फैसला संगठन मजबूत होने के बाद राजनीतिक परिस्थितियों को देखकर किया जाएगा। रायपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में चिराग ने युवाओं से सीधे जुड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना जरूरी है और पार्टी इसी उद्देश्य से संवाद कार्यक्रम कर रही है।
एसआईआर पर चुनाव आयोग को घेरा
एसआईआर को लेकर चिराग ने कहा कि मतदाताओं को यदि चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर संदेह है तो आयोग को उनका भरोसा जीतना चाहिए। मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि यदि ऐसा व्यापक स्तर पर हुआ होता तो इसका असर जमीन पर दिखाई देता और बड़े आंदोलन खड़े होते।
क्या हिमाचल में दुबारा चुनाव कराएगी कांग्रेस
कांग्रेस द्वारा सभी चुनाव रद कर दोबारा चुनाव कराने की मांग पर चिराग पासवान ने कहा कि क्या हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस दोबारा चुनाव कराएगी? क्या राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और जितने भी कांग्रेस के सांसद- विधायक हैं, वे चुनाव लड़ेंगे? उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम आवाज उठाना है, लेकिन उनकी आवाज कुछ दिनों में खो जाती है। आज एसआइआर आने के बाद ईवीएम का मुद्दा कांग्रेस ने गायब कर दिया।