यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chit Fund News In Raipur: चिटफंड में गंवाई पूंजी, अब अदालत के फैसले का इंतजार
Chit Fund News In Raipur:निवेशकों से धन वापसी के लिए गृह विभाग द्वारा जारी निर्धारित प्रपत्र में आवेदन छह अगस्त 2021 तक आमंत्रित।
By Kadir KhanEdited By: Kadir Khan
Publish Date: Fri, 06 Aug 2021 07:05:00 AM (IST)Updated Date: Fri, 06 Aug 2021 07:05:54 AM (IST)

रायपुर ( नईदुनिया प्रतिनिधि )। Chit Fund News In Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत अन्य जिले में एक लाख लोग चिटफंड कंपनियों के जाल में फंसकर 500 करोड़ रुपये गंवा चुके हैं। जिले में 11 कंपनियों के मामले सिविल कोर्ट में लंबित है। हितग्राहियों को अदालत के फैसले का इंतजार है इसके बाद ही उनकी रकम वापस हो पाएगी। रायपुर की अपर कलेक्टर और नोडल अधिकारी पद्मिनी भोई ने बताया हितग्राहियों से एक बार फिर आवेदन लिए जा रहे हैं। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने चिटफंड मामलों में आवेदन लेने को जिले स्तर जिम्मेदारी दी है।
- रायपुर में 11 चिटफंड कंपनियों के खिलाफ सिविल कोर्ट में लंबित है मामला
जिलों में अलग-अलग प्रकरणों पर जांच की जाती है और कई मामलों में दूसरे जिले के भी हितग्राही रहते हैं ऐसे में एक जिले से दूसरे जिले तक पत्र व्यवहार आदि में ही समय लग जाता है। दरअसल, चिटफंड कंपनियां केवल जिले में सीमित नही, बल्कि प्रदेश भर में काम करती हैं। जानकारों की मानें तो राज्य स्तर पर एक विशेष कोर्ट स्थापित करने की जरूरत है। हर जिले में एक ही कंपनी के खिलाफ अलग-अलग मामले चल रहे हैं। कोर्ट में भी इन मामलों पर त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए। चिटफंड कंपनियों में प्रापर्टी की खोजबीन करनी चाहिए। तभी निवेशकों को राहत मिल सकती है। जितनी प्रापर्टी की जानकारी चिटफंड कंपनियां देती हैं, उतनी की ही नीलामी की जाती है, जिससे लोगों के हिस्से में बहुत कम ही राशि आ पाती है।
आवेदन के लिए आज आखिरी तारीख
चिटफंड कंपनियों में निवेश करने वाले निवेशकों से धन वापसी के लिए गृह विभाग द्वारा जारी निर्धारित प्रपत्र में आवेदन छह अगस्त 2021 तक आमंत्रित किए गए है। अधिकारियों ने बताया कि आवेदन प्राप्त करने के लिए रायपुर जिले के तीनों अनुभाग स्तर पर अधिकारियों को अधिकृत किया गया है। रायपुर अनुभाग के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रणव सिंह, आरंग अनुभाग के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विनायक शर्मा और अभनपुर अनुविभाग के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) निर्भय साहू को अधिकृत किया गया है।
चिटफंड कंपनियों के पीड़ितों से आवेदन लिए जा रहे हैं, इसके लिए रायपुर एसपी को भी पत्र लिखा जा रहा है कि इन मामलों की छानबीन जल्द करें। अदालत के फैसले के बाद हितग्राहियों को राशि दी जाएगी।
- सौरभ कुमार, कलेक्टर, रायपुर