
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अकवान चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश में फसलों को हुए नुकसान पर किसानों को बड़ी राहत देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर प्रभावित अन्नदाता के साथ खड़ी है और किसी को भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सर्वेक्षण पूरा होने के बाद सभी पात्र किसानों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के 13 गांवों को मिलेगा पानी; 8,454 हेक्टेयर भूमि होगी सिचिंत, 4 हजार किसानों को राहत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया कि जिला कलेक्टरों की सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों के अंतर्गत पात्रतानुसार आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, जिन किसानों की फसलें बीमित हैं, उन्हें संबंधित फसल बीमा योजना के नियमों के तहत पात्र बीमा दावा राशि दिलाने के लिए भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम समय पर उठाए जाएं।