
Raipur News: रायपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। कलेक्टर सौरभ कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के रेडक्रास सभाकक्ष में नियमित व कोविड टीकाकरण की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आरंग और धरसींवा विकासखंड में लक्ष्य विरुद्ध कम टीकाकरण पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि दोनों विकासखंड बीएमओ व सीईओ समन्वय बनाकर कार्य करें, क्योंकि इनकी कमजोर कार्यप्रणाली की वजह से टीकाकरण लक्ष्य के अनुरूप नहीं हो पा रहा है।
इधर क्षेत्र में अधिकारियों द्वारा व्यवस्थागत शिकायतों में सुनवाई न होने की भी शिकायतें लगातार आ रही हैं। इसे लेकर भी कलेक्टर ने कार्य सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोविड टीकाकरण की दूसरी डोज के लिए छूट गए हितग्राहियों की संस्थावार और ग्रामवार सूची तैयार करके उनसे संपर्क करें। शहरी क्षेत्रों के ऐसे हितग्राही, जिनका टीकाकरण लंबित हैं, उन्हें काल सेंटर के माध्यम से संपर्क करके टीकाकरण पूर्ण करने जिला टीकाकरण अधिकारी को निर्देंश दिए।
रायपुर व बिरगांव के निगम आयुक्त को टीकाकरण दल को आवश्यक समन्वय एवं सहयोग के लिए मानव संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देंश दिए हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी, रायपुर नगर निगम आयुक्त प्रभात मलिक, जिला टीकाकरण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
घर-घर दस्तक, अभियान की दी जानकारी
कलेक्टर से टीकाकरण की फटकार के बाद इधर जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से मीडिया प्रभारी गजेंद्र डोंगरे ने बताया कि विकासखंड धरसींवा के कुकेरा उप स्वास्थ्य केंद्र द्वारा आश्रित ग्राम रैता में हर घर दस्तक अभियान चलाकर 51 लोगों का टीकाकरण किया गया है। इसमें 16 लोगों को प्रथम डो और 35 लोगों को दूसरा डो दिया गया है। विकासखंड धरसीवा के कुकेरा उप स्वास्थ्य केंद्र द्वारा आश्रित ग्राम रैता में हर घर दस्तक अभियान चलाकर 51 लोगों का टीकाकरण किया गया है, जिसमें 16 लोगों को प्रथम डो और 35 लोगों को दूसरा डोज दिया गया है।