
रायपुर। Hello Doctor in Raipur: स्क्रीन टाइम अधिक होने यानी कंप्यूटर, लैपटाप व मोबाइल में घंटों समय देना चेहरे की त्वचा के लिए भी नुकसान देह साबित हो रहा है। ओपीडी में झुर्रियां, डार्क स्पाट, झाइयां, चेहरे की त्वचा में जलन जैसी समस्या लेकर पहुंचने वाले मरीजों में बड़ी वजह स्क्रीन टाइम भी सामने आ रही है।
हेलो डाक्टर कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय पंडरी, रायपुर की चर्म रोग विशेषज्ञ ने डा. अदिति सिंह ने बताया कि अधिक समय तक कंप्यूटर, मोबाइल आदि के उपयोग से उससे निकलने वाले रेडिएशन चेहरे की त्वचा के सीधे संपर्क में हाेने की वजह से इस तरह की समस्याएं देखी जा रही है। शोध में भी यह सामने आया कि रेडिएशन की वजह से त्वचा की समस्याएं आ रही है। ऐसे में स्क्रीन टाइम जरूरत पर ही दें। कंप्यूटर स्क्रीन को दूर रखें। बचाव के लिए चिकित्सक की सलाह से संसक्रीम व फेस क्रीम का उपयोग कर सकते हैं।
स्टेरायड क्रीम से नुकसान
चर्म रोग विशेषज्ञ ने डा. अदिति ने कहा कि लगभग सभी लोग चेहरे पर क्रीम का उपयोग करते हैं। आजकल बाजार में अधिकांश क्रीम स्टेरायड युक्त होने से लंबे समय तक उपयोग से स्कीन में खून का संचार कम होना, त्वचा पतली होना, अनचाहे बाल, मुंहासे, इंफेक्शन आदि समस्या सामने आती है। इसलिए स्टेरायड युक्त क्रीम से बचें। लोगों में देखा गया है कि गोरा होने के लिए क्रीम का उपयोग करते हैं। यह सब भ्रांति है, कुछ देर के लिए राहत जरूर मिलती है। लेकिन नेचुरल कचर नहीं बदलता। बल्कि उल्टा नुकसान ही होता है। इसलिए त्वचा पर क्रीम व अन्य ब्यूटी प्रोडक्ट का उपयोग ध्यान से करें।
कुष्ठ रोग को लेकर जागरूकता जरूरी
डा. अदिति ने कहा कि प्रदेश में त्वचा से जुड़ी कुष्ठ रोग एक बड़ी समस्या बनते जा रही है। जागरूकता ना होने के जहां इस बीमारी को आज भी छुआछूत की बीमारी मानते हैं। डर या संकोच से इलाज नहीं कराते। इस बीमारी को रोकने के लिए समाज में जागरूकता जरूरी है। त्वचा या अंग में शून्य की स्थिति, ठंडा गरम का एहसास ना होना, त्चचा का सूजना, लाल चकत्ते, घाव के आसपास की त्वचा मोटा होना जैसे अन्य लक्षण होते हैं। यह छूने से नहीं। लंबे समय तक पीड़ित व्यक्ति के साथ सांस, छिंकने-खांसने के संपर्क आने से फैलता है। त्चचा से जुड़ी किसी भी तरह की समस्या पर तुंरत चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है। डा. अदिति ने कहा कि ओपीडी में हर रोज आठ से 10 कुष्ठ रोगियों का इलाज होता है। हम लगातार बीमारी को लेकर जागरूक कर रहे हैं।
त्वचा रोग विभाग में हर रोज 50 की ओपीडी
डा. अदिति ने बताया कि जिला चिकित्सालय पंडरी के त्वचा रोग विभाग में हर रोज करीब 50 लोग ओपीडी में पहुंच रहे हैं। इसमें फंगल इंफेक्शन, मुंहासे, बाल झड़ना, दाद, रूसी पोस्ट कोविड की समस्या जैसे बाल झड़ना जैसे अन्य त्वचा से संबंधित समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं। अस्पताल में निश्शुल्क इलाज व जांच सुविधाएं दी जा रही है।
पाठकों के सवाल चिकित्सक के जवाब
1. पीठ में दाने हो रहे हैं, खुजली होने के बाद काले निशान आ जाते हैं। - एलके सिंह, बालोद
जवाब : फंगल इंफेक्शन हो सकता है। मैंने दवाएं दी है उसे सप्ताहभर लें। राहत ना मिले तो आप ओपीडी में आकर दिखा सकते हैं।
2. मेरी बेटी 18 वर्ष की है। उसके चेहरे पर बड़े-बड़े दाने हो रहे हैं। - निशा नामदेव, छुईखदान
जवाब : अनियमित माहवारी की वजह से इस उम्र में समस्या आती है। समय के साथ यह ठीक हो जाएगा। जो दवाएं ले रहे हैं, उसे लेते रहें।
3. बाल काफी झड़ गए हैं। चिकित्सक ने पीआरपी प्रक्रिया कराने को कहा है। क्या यह बेहतर होगा। - योगेश साहू, साजा
जवाब : एडवांस स्टेज नहीं है तो पीआरपी प्रक्रिया करा सकते हैं। लेकिन एक बार इस प्रक्रिया को कराने से फायदा नहीं होगा। आपको चार से पांच बार इसे कराना होगा। इसके बेहतर परिणाम आएंगे।
4. हाथ-पैर व जोड़ों में इंफेक्शन हो जा रहा है। इलाज में बाद भी राहत नहीं मिल रहा। - मोहित सेन, धमतरी
जवाब : यह फंगल इंफेक्शन लग रहा है। साफ-सफाई ना होने से यह इंफेक्शन बढ़ता जाता है। कपड़े हर दिन बदलें। क्योंकि ऐसे इंफेक्शन कपड़ों में लग जाने के बाद वह दोबारा पहनने पर फैलता है। काटन के कपड़े पहने तो अच्छा है। त्वचा को नम ना रखें। यानी नहाने के बाद शरीर को अच्छे से पोछें। शरीर में इंफेक्शन के लिए जो दवाएं मैंने बताई है, उसे ले। राहत मिलेगी।
5. चेहरे पर बड़े-बड़े फोड़े जैसे हो रहे हैं। - काव्या शुक्ला, रायपुर
जवाब : हार्मोंस से जुड़ी परेशानी लग रही है। हेयरग्रोथ भी इसी वजह से हो रहा है। ओपीडी में देखकर ही दवाएं लिख पाएंगे। आपको कुछ परहेज करना होगा। खान-पान का ध्यान रखें। पानी अधिक पीएं। अधिक तेल युक्त आहार व फास्ट फूड से परहेज करें।
6. आंख के नीचे बहुत से मस्से हो गए हैं। - संदीप कुमार, रायपुर
जवाब : धूप से बचने संसक्रीम लगाएं। बेहद छोटी सी सर्जरी से मस्से को निकाल सकते हैं। यह प्रक्रिया जिला अस्पताल के त्वचा रोग विभाग में भी हो जाएगी।
7. शरीर में दाद व खुजली की समस्या से जूझ रहा हूं। - राम स्वरूप, फिंगेश्वर
जवाब : इंफेक्शन की वजह से समस्या हो रही है। सफाई का ध्यान रखना होगा। गिले कपड़े ना पहनें। त्वचा में नमी ना रखें। आपको ओपीडी में आकर एक बार जांच कराने की जरूरत है। जांच के बाद कुछ दवाएं देंगे। राहत जरूर मिलेगी।
8. चेहरे पर झाइयां आ गई है। क्या करूं। - निर्मल कुमार, रायपुर
जवाब : धूप की वजह से इस तरह की समस्या आ रही है, जितना हो सके धूप से बचें। जिला अस्पताल पंडरी में त्वचा रोग विभाग की ओपीडी में आकर दिखाएं। कुछ दवाएं व क्रीम के उपयोग से राहत मिलेगी।
9. मेरे बाल काफी झड़ रहे हैं क्या करूं। - स्मृति सिंह, रायपुर
जवाब : बाल झड़ने के कई कारण होते हैं। इसमें खान-पान की दिक्क्त, शरीर को पर्याप्त प्रोटीन ना मिलना, रूसी, माहवारी की समस्या जैसे कई कारण हैं। अत्यधिक बाल झड़ रहे हैं तो कुछ जांच करानी होगी। रिपोर्ट के बाद दवाएं शुरू करने से लाभ जल्दी मिलेगा। गिरते बाल को रोक सकते हैं।
10. चेहरे पर सफेद दाद हो रहा है। तीन माह से खुजली की भी समस्या है। - भूषण साहू, रायपुर
जवाब : पहले जो दवाएं ले रहे थे। वह ठीक है। लाभ नहीं मिल रहा तो आपको ओपीडी में दिखाना होगा। स्थिति को देखने के बाद जांच कर दवा देंगे। राहत मिलेगी। फिलहाल धूप से थोड़ा बचें। चेहरे पर संसक्रीम लाएं।