
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत सोमवार से तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिले का दौरा करेंगे। भगत के इस दौरे को कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे जन चौपाल के जरिए कार्यकर्ताओं से सीधे फीडबैक लेंगे।
सुखदेव भगत झारखंड के लोहरदगा से सड़क मार्ग के जरिए छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। शंख नदी के पास प्रदेश की सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे जशपुर, बालाछापर, पतराटोली, कांसाबेल और पत्थलगांव में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पहले दिन का रात्रि विश्राम मैनपाट में प्रस्तावित है।
दौरे के दूसरे दिन भगत मैनपाट से उदयपुर पहुंचेंगे। यहां बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होने के बाद ग्राम साल्ही जाएंगे। यहां परसा, केते एक्सटेंशन और तारा कोल ब्लाक से प्रभावित ग्रामीणों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान कोयला खनन परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों, ग्रामीणों की समस्याओं और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर चर्चा होगी। इसके बाद वे प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांटारोली मेंद्रा में जन चौपाल में शामिल होंगे। शाम को अंबिकापुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
दौरे के अंतिम दिन भगत अंबिकापुर स्थित राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक में शामिल होंगे। इसमें अंबिकापुर, लुंड्रा और सीतापुर विधानसभा क्षेत्रों के संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी। इसके बाद वे बलरामपुर जिले के राजपुर पहुंचेंगे। यहां रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तरीय जन चौपाल कार्यक्रम में शामिल होंगे और शाम को लोहरदगा के लिए रवाना होंगे।