
Raipur Congress News:रायपुर (राज्य ब्यूरो)। भाजपा आरटीआइ सेल की कार्यसमिति की बैठक पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने तंज कसा है। ठाकुर ने कहा कि भाजपा आरटीआइ सेल की उपयोगिता तभी जनता को समझ आएगी, जब सेल पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा जनता को दी गई सूचना के अधिकार नियम के तहत केंद्र सरकार से पीएम केयर फंड का लेखा-जोखा मांगे? वेंटिलेटर खरीदी, वैक्सीन खरीदी की जानकारी मांगे?
धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले और महासमुंद जिले में झलकी जमीन कांड की जांच के संबंध में की गई पीएमओ कार्यालय से शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई। इसकी जानकारी मांगे? पनामा पेपर्स मामले में डा. रमन मेडिकल स्टोर के पते में दर्ज अभिषेक सिंह कौन है, इसकी जानकारी मांगे? पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा सरकारी कामकाजों में पारदर्शिता लाने भ्रष्टाचार खत्म करने और विभागीय कार्यों के बेहतर ढंग से क्रियान्वयन के लिए सूचना के अधिकार अधिनियम लागू किया। दुर्भाग्य की बात है कि मोदी सरकार में सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगने वालों को जेल जाना पड़ता है। धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा भाजपा आरटीआइ सेल पूरी तरह से जो झूठ और अफवाह फैलाने में माहिर है।
कांग्रेस और भाजपा का लगातार वार पलटवार
राज्य में लगातार भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच वार पलटवार जारी है। 15 साल तक लगातार राज्य में शासन करने वाले भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के किए गए वादों को पूरा नहीं करने और राज्य में कांग्रेस नेताओं के बीच कई बार विवाद को उठाती रहती है। वहीं कांग्रेस के नेता भी भाजपा के बयानों पर पलटवार करते रहते हैं।