
- गेवरारोड से पेण्ड्रारोड तक 135 किमी दोहरी रेल लाइन बिछायी जाएगी
रायपुर। नईदुनिया राज्य ब्यूरो
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की उपस्थिति में रविवार को मंत्रालय में दक्षिणपूर्व मध्य रेलवे और छत्तीसगढ़ पूर्व-पश्चिम रेलवे लिमिटेड के बीच पूर्व-पश्चिम रेल कॉरिडोर के निर्माण, संचालन और संधारण के लिए कंसेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता 30 वर्षों के लिए किया गया है।
इस महत्वपूर्ण समझौते से गेवरारोड-पेण्ड्रारोड तक 135.30 किलोमीटर ईस्ट-वेस्ट रेल कॉरिडोर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। लगभग चार हजार 970 करोड़ 11 लाख रूपए की लागत से ईस्ट-वेस्ट रेल कॉरिडोर में दोहरी रेल लाइन बिछायी जाएगी। यह परियोजना मार्च 2022 तक पूरा होने की संभावना है। कंसेशन एग्रीमेंट पर दक्षिण-पूर्व मध्य रेल के मुख्य यातायात एवं योजना प्रबंधक जीएम नायडू और पूर्व-पश्चिम रेलवे लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेएन झा ने हस्ताक्षर किए।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस अवसर पर कहा कि यह रेल परियोजना छत्तीसगढ़ रेलवे और कोल इंडिया के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है। प्रधानमंत्री स्वयं इस परियोजना की प्रगति की निगरानी कर रहे हैं। वन मंत्री महेश गागड़ा, मुख्य सचिव अजय सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव सुबोध कुमार सिंह, वित्त विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक सुनील मिश्रा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सुनील सिंह सोइन सहित रेलवे और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
------
नई खदानों से हो सकेगा कोयला परिवहन
ईस्ट-वेस्ट रेलवे लिमिटेड छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बनाया गया संयुक्त उपक्रम है। यह एसपीवी कंपनी है जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम, एसईसीएल और इरकान इंटर नेशनल लिमिटेड हिस्सेदार हैं। इस कारिडोर की मदद से कोरबा में कुसमुंडा और गेवरा में प्रारंभ होने वाली नई कोयला खदानों से निकलने वाले कोयले का परिवहन हो सकेगा। यात्री परिवहन भी इस रेलमार्ग द्वारा होगा। एक अनुमान के मुताबिक इन दोनों खदानों के प्रारंभ होने से कोरबा में कोयले का उत्पादन एक सौ मिलियन टन से बढ़कर 160 मिलियन टन हो जाएगा।